विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में 31 दिसंबर को भी कई मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें ग्रुप-बी में बंगाल और जम्मू-कश्मीर के बीच राजकोट के मैदान पर खेले गए मैच का अंत काफी जल्दी देखने को मिला। इस मैच में पूरी तरह से बंगाल टीम के गेंदबाजों का दबदबा रहा जिसकी अगुवाई स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कर रहे थे। बंगाल की टीम ने मुकाबले में मिले टारगेट को सिर्फ 57 गेंदों के अंदर हासिल करने के साथ ही मैच को अपने नाम कर लिया जिसमें ये उनकी चार मुकाबलों में तीसरी जीत है।
इस मैच में बंगाल की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया जिसमें उसे उनके तीनों तेज गेंदबाजों ने सही साबित करने में अधिक देर नहीं लगाई। बंगाल की टीम ने जम्मू-कश्मीर की पारी को सिर्फ 63 रनों के अंदर ही समेट दिया जिसमें उन्होंने 20.4 ओवर्स ही बल्लेबाजी की। बंगाल टीम की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने अपने 6 ओवर्स में जहां 2 मेडन ओवर फेंके तो वहीं 14 रन देने के साथ 2 विकेट हासिल किए। वहीं इसके अलावा आकाश दीप ने 8.4 ओवर्स की गेंदबाजी में एक मेडन ओवर के साथ 32 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए। मुकेश कुमार को भी 6 ओवर्स की गेंदबाजी करने का मौका मिला और वह 16 रन देने के साथ 4 विकेट लेने में कामयाब रहे। बंगाल टीम की पारी में सिर्फ 2 ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार करने में कामयाब हो सके। लिस्ट-ए क्रिकेट में जम्मू-कश्मीर टीम का ये उनके इतिहास का अभी तक का सबसे कम स्कोर भी है।
जम्मू-कश्मीर की पारी को 63 रनों पर समेटने के बाद बंगाल ने इस मुकाबले को अपने नाम करने में अधिक देर नहीं लगाई। बंगाल की टीम ने सिर्फ 9.3 ओवर्स में एक विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली, जिसमें उनकी तरफ से अभिषेक पोरेल ने 30 रनों की पारी खेली तो वहीं सुदीप कुमार ने 25 रनों की नाबाद पारी खेली। बंगाल की टीम के इस जीत के साथ अब 12 अंक हो गए हैं। वहीं अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 3 जनवरी को असम की टीम के खिलाफ खेलना है, जिसमें एकबार फिर से सभी की नजरें मोहम्मद शमी की गेंदबाजी पर रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
विराट कोहली साल 2026 में छुएंगे नया मुकाम, ऐसा करने वाले बनेंगे दुनिया के तीसरे बल्लेबाज
अब ये खिलाड़ी भी खेलेंगे डोमेस्टिक क्रिकेट, इस दिन उतरेंगे शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा
संपादक की पसंद