आईसीसी की तरफ से पिछले साढ़े तीन साल से बैन का सामना कर रहे जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट में अब वापसी के लिए तैयार हैं। टेलर पर जो बैन लगाया गया था उसकी समयसीमा 25 जुलाई को खत्म हो गई। अब जिम्बाब्वे क्रिकेट ने ब्रेंडन टेलर को वापसी के लिए राजी कर लिया है, जिसमें वह न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी घरेलू 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में खेलते हुए दिखाई देंगे जो 7 अगस्त से बुलवायो के मैदान पर खेला जाएगा।
जिम्बाब्वे टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर को आईसीसी एंटी करप्शन नियमों का उल्लंघन करने की वजह से साढ़े तीन साल के बैन का सामना करना पड़ा था। टेलर को स्पॉट फिक्सिंग के लिए संपर्क किए जाने की सूचना समय पर नहीं देने के कारण बैन लगाया गया था। 39 साल के टेलर को जब बैन का सामना करना पड़ा तो उन्होंने साल अचानक संन्यास का भी ऐलान कर दिया था, जिसमें बैन के चलते वह किसी भी लीग या घरेलू टीम की तरफ से भी नहीं खेल रहे थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी ट्रेनिंग को जारी रखा। टेलर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो को दिए अपने बयान में बताया कि उन्हें विश्वास नहीं था कि उनकी सीधे प्लेइंग 11 में वापसी होगी, जिसमें वह टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।
ब्रेंडन टेलर के इंटरनेशनल करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 34 टेस्ट मैचों की 68 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 36.25 के औसत से कुल 2320 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतकीय और 12 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं। इसके अलावा टेलर ने 205 वनडे और 45 टी20 मुकाबले भी खेले हैं। टेलर ने वनडे में जहां 6684 रन बनाए हैं तो वहीं वह टी20 इंटरनेशनल में 934 रन बनाने में कामयाब हुए हैं। टेलर के नाम वनडे में 11 शतक और 39 अर्धशतकीय पारियां दर्ज हैं, इसके अलावा टी20 में 6 अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब हुए हैं।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेगी टीम इंडिया, खिलाड़ी नहीं हैं तैयार
IND vs ENG: ओवल टेस्ट से आखिर क्यों बाहर हुए बेन स्टोक्स? बयान में सामने आया पूरा सच
संपादक की पसंद