IND vs NZ 5th T20I Match: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया जिसे टीम इंडिया 46 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसे बल्लेबाजों ने पूरी तरह से सही साबित किया। टीम इंडिया इस मैच में 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 271 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही, जिसमें ईशान किशन के बल्ले से 103 रनों की जहां शतकीय पारी देखने को मिली, तो वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 63 जबकि हार्दिक पांड्या ने 42 रनों की पारी खेली।
न्यूजीलैंड की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 19.4 ओवर्स में 225 रन बनाकर सिमट गई, जिसमें उनकी तरफ से फिन एलन के बल्ले से 80 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने जहां 5 विकेट हासिल किए तो वहीं अक्षर पटेल तीन विकेट लेने में कामयाब रहे।
यहां पर देखिए 5वें टी20 मैच के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड - डेवोन कॉन्वे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जैकरी फोक्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, जैकब डफी, जेम्स नीशम, माइकल ब्रेसवेल, लॉकी फर्ग्यूसन, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन।
टीम इंडिया का सीरीज में रहा शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेली जा रही इस सीरीज में सबसे ज्यादा राहत की बात कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में वापस आना रहा, जिनका शुरुआती तीन मुकाबलों में काफी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। इसके अलावा लंबे समय के बाद टीम इंडिया की स्क्वाड में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित करने के साथ वर्ल्ड कप से पहले बाकी टीमों के लिए खतरे की घंटी जरूर बजा दी है। वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती के अलावा जसप्रीत बुमराह भी फॉर्म में दिखाई दिए। टीम इंडिया के लिए इस सीरीज में अभी तक जो एक चिंता की बात रही वह सिर्फ संजू सैमसन का फॉर्म है जो आखिरी मुकाबले में भी कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं रहे।