1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सुनील गावस्कर ने तिलक वर्मा की 25 रनों की पारी की जमकर की तारीफ, वजह भी बताई

सुनील गावस्कर ने तिलक वर्मा की 25 रनों की पारी की जमकर की तारीफ, वजह भी बताई

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 08, 2026 12:23 pm IST,  Updated : Feb 08, 2026 12:23 pm IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने USA को हराकर जीत का खाता खोला। USA ने भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी लेकिन अंत में टीम इंडिया बाजी मारने में सफल रही।

Tilak Verma- India TV Hindi
तिलक वर्मा Image Source : PTI

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ भारत की संघर्षपूर्ण जीत के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम के प्रदर्शन का गहराई से विश्लेषण किया है। जहां कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की पारी और मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी निर्णायक रही। वहीं, गावस्कर ने तिलक वर्मा की शांत और समझदारी भरी बल्लेबाजी की खासतौर पर तारीफ की।डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अमेरिका को 29 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया मुश्किल हालात में फंस गई थी और स्कोर 77/6 हो गया था। चुनौतीपूर्ण पिच पर भारत ने किसी तरह वापसी करते हुए 161/9 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में अमेरिका की टीम भी दबाव में दिखी और 132/9 रन के स्कोर तक ही पहुंच सकी।

तिलक वर्मा समझदार खिलाड़ी

सुनील गावस्कर ने JioStar से बातचीत में तिलक वर्मा की क्रिकेट समझ की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि तिलक वर्मा एक बहुत ही स्मार्ट क्रिकेटर हैं। उनकी खास बात सिर्फ शॉट्स की रेंज नहीं, बल्कि यह समझ है कि किस वक्त, कैसे और कहां शॉट खेलना है। उन्होंने यह अमेरिका के खिलाफ साफ तौर पर दिखाया।

गावस्कर ने आगे कहा कि अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद तिलक दबाव की स्थिति में बल्लेबाजी करने आए थे। उस समय तिलक को पता था कि जवाबी हमला जरूरी है, लेकिन बड़े जोखिम लिए बिना। वह जरूरत से ज्यादा आक्रामक नहीं थे, बल्कि सोच-समझकर मौके चुन रहे थे। उन्होंने मिड-ऑन के ऊपर चिप शॉट इसलिए खेला क्योंकि फील्डर सर्कल के अंदर था। उनका मकसद छक्का नहीं, बल्कि बाउंड्री लेना था। पूर्व कप्तान ने तिलक की तुलना एशिया कप फाइनल की पारी से भी की और कहा कि वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो क्रीज पर टिके रहते हैं। हमने यह एशिया कप फाइनल में भी देखा, जहां उन्होंने समय लिया और फिर अंत में तेजी से रन बनाए। अगर तिलक जैसा बल्लेबाज पावरप्ले में आता है और 14-15 ओवर तक टिक जाता है, तो आप लगभग तय मान सकते हैं कि भारत 200 के करीब पहुंच जाएगा।

बुमराह की होगी वापसी?

जसप्रीत बुमराह T20 वर्ल्ड कप में पहले मुकाबले में नहीं खेल पाए, जिससे टीम संयोजन पर असर पड़ा। शुरुआती बल्लेबाजी झटकों ने भारत की कमजोरी जरूर उजागर की, लेकिन टीम ने अहम जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। अब नामीबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर गावस्कर का मानना है कि सब कुछ बुमराह की फिटनेस पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर जरूर सतर्क होगा। अगर वह फिट हुए तो सीधे प्लेइंग इलेवन में लौटेंगे। हो सकता है कि सिराज या अर्शदीप में से किसी एक को बाहर बैठना पड़े या फिर गेंदबाजों को रोटेट किया जाए।

यह भी पढ़ें:

सूर्यकुमार यादव का बड़ा कारनामा, महेंद्र सिंह धोनी को छोड़ दिया पीछे, अब निशाने पर युवराज सिंह

USA पर जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार का खुलासा, स्टार ऑलराउंडर की फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल