1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बिंद्रा ने किया निकहत जरीन के ट्रॉयल्स का समर्थन तो मैरीकॉम ने कही ये बड़ी बात

बिंद्रा ने किया निकहत जरीन के ट्रॉयल्स का समर्थन तो मैरीकॉम ने कही ये बड़ी बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 19, 2019 04:28 pm IST,  Updated : Oct 19, 2019 04:28 pm IST

गुरूवार को बिंद्रा ने जरीन की छह बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज के खिलाफ ट्रायल कराने की मांग का समर्थन किया था।

Marykom- India TV Hindi
Marykom Image Source : GETTY

नई दिल्ली। भारतीय स्टार महिला मुक्केबाज एम सी मैरीकॉम ने शनिवार को ओलंपिक चैम्पियन निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के निकहत जरीन की मांग का समर्थन करने को लेकर निराशा व्यक्त की और कहा कि उन्हें मुक्केबाजी में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। 

गुरूवार को बिंद्रा ने जरीन की छह बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज के खिलाफ ट्रायल कराने की मांग का समर्थन किया था लेकिन ओलंपिक कांस्य पदकधारी मैरीकॉम को यह बात पसंद नहीं आई। 

मैरीकॉम ने कहा, ‘‘बिंद्रा ओलंपिक स्वर्ण पदक जीत चुके हैं लेकिन मैंने भी विश्व चैम्पियनशिप में कई स्वर्ण पदक जीते हैं। मुक्केबाजी में हस्तक्षेप या दखल देना, उनका इससे कोई लेना देना नहीं है। मैं निशानेबाजी के बारे में बात नहीं करती इसलिये उनके लिये बेहतर यही होगा कि वह मुक्केबाजी पर चुप रहें। वह मुक्केबाजी के नियम नहीं जानते।’’ 

साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘वह मुक्केबाजी के बारे में कुछ नहीं जानते। इसलिये बेहतर होगा कि चुप रहें। मुझे नहीं लगता कि अभिनव भी हर निशानेबाजी टूर्नामेंट से पहले ट्रायल्स के लिये जाते होंगे।’’ बिंद्रा और जरीन दोनों अलग अलग क्षमताओं में जेएसडब्ल्यू से जुड़े हुए हैं। 

बिंद्रा ने ट्वीट किया था,‘‘ मैरीकॉम का मैं पूरा सम्मान करता हूं लेकिन खिलाड़ी को अपने कैरियर में बार-बार सबूत देने पड़ते हैं। यह सबूत कि हम आज भी कल की तरह खेल सकते हैं। कल से बेहतर और आने वाले कल से बेहतर। खेल में बीता हुआ कल मायने नहीं रखता।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल