1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गुरमीत राम रहीम फिर आएगा जेल से बाहर, ये है पैरोल की टाइमिंग के पीछे तीन कारण

गुरमीत राम रहीम फिर आएगा जेल से बाहर, ये है पैरोल की टाइमिंग के पीछे तीन कारण

 Published : Jan 19, 2024 06:12 pm IST,  Updated : Jan 19, 2024 06:12 pm IST

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख और बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह को 50 दिन की पैरोल दी गई है। सिरसा मुख्यालय वाले डेरा का प्रमुख राम रहीम हरियाणा के रोहतक जिले की सुनारिया जेल में बंद है। पैरोल अवधि के दौरान राम रहीम उत्तर प्रदेश में बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम जाएगा।

gurmeet ram rahim- India TV Hindi
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख और बलात्कार के दोषी गुरमीत राम रहीम Image Source : FILE PHOTO

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख और बलात्कार का दोषी राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ रहा है। राम रहीम को हरियाणा सरकार ने 50 दिनों की पैरोल मंजूर कर दी है, जिन्हें पुलिस की मौजूदगी में हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल से उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा डेरा आश्रम में ले जाया जाएगा। बता दें कि इससे पहले, राम रहीम को पिछले साल 21 नवंबर को 21 दिन की छुट्टी मिली थी। यह 2021 में राम रहीम की तीसरी अस्थायी रिहाई थी। उसके दो महीने बाद अब यह पैरोल मिली है। सिरसा मुख्यालय वाले डेरा का प्रमुख राम रहीम हरियाणा के रोहतक जिले की सुनारिया जेल में बंद है। पैरोल अवधि के दौरान राम रहीम उत्तर प्रदेश में बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम जाएगा। 

राम रहीम की पैरोल की टाइमिंग के तीन कारण

राम रहीम इंसा की इस साल की ये पहली पैरोल मंजूर हुई है। इससे पहले वह 13 दिसम्बर 2023 को ही 21 दिनों की पैरोल पूरी करके जेल भेजा गया था। जानकारी के अनुसार, बाबा राम रहीम को बीते चार सालों में 9वीं बार पैरोल दी गयी है। इस बार 50 दिनों की पैरोल मंजूर हुई है। राम रहीम अपने बरनावा स्थित डेरा आश्रम में ठहरेगा। ये पैरोल तीन अलग-अलग कारणों से खास मानी जा रही है। 

  1. पहली तो यही कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने जा रही प्रभु श्री राम की नवनिर्मित मन्दिर व प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है, जिसको लेकर देशवासी काफी उत्साहित हैं और इसे एक पर्व के रूप में दीवाली मनाते हुए सेलेब्रेट करेंगे। 
  2. दूसरा 25 जनवरी को डेरा सच्चा सौदा के दूसरे बादशाही गुरु शाह सतनाम सिंह का जन्मदिवस है। जिसपर डेरा अनुयायी हर्षोल्लास से डेरे पर भंडारा करते हैं और बाबा राम रहीम की संगत, उनके प्रवचनों को सुनती है। 
  3. ये पैरोल इसीलिए भी खास है क्योंकि जल्द ही लोकसभा के चुनाव होने वाले हैं। इसीलिए बाबा की पैरोल को कई अलग-अलग बिंदुओं से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं राम रहीम के बरनावा आश्रम आने को लेकर खुफिया विभाग और एलआईयू की टीम भी अलर्ट हो गयी है। राम रहीम शाम 5 बजे रोहतक जेल से निकस चुका है और आज देर रात तक बागपत के डेरा आश्रम में पहुंचने की पूर्ण संभावनाए हैं।

बलात्कार मामले में 20 साल की जेल

गौरतलब है कि राम रहीम अपनी दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है। डेरा प्रमुख को 30 जुलाई, 2023 को 30 दिन की पैरोल मिली थी जबकि पिछले साल जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल दी गई थी। अक्टूबर 2022 में भी 40 दिन की पैरोल दी गई थी। जून 2022 में राम रहीम को एक महीने की पैरोल मिली थी। साल 2021 में राम रहीम को चार अन्य लोगों के साथ, डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने का भी दोषी ठहराया गया था। डेरा प्रमुख और तीन अन्य को 16 साल से अधिक समय पहले एक पत्रकार की हत्या मामले में 2019 में दोषी ठहराया गया था। 

(रिपोर्ट- पारस जैन)

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।