1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. CM योगी के 'चूरन' वाले बयान पर भड़के शिवपाल, बोले- 'बहुतों का हाजमा दुरुस्त किया'

CM योगी के 'चूरन' वाले बयान पर भड़के शिवपाल, बोले- 'बहुतों का हाजमा दुरुस्त किया'

 Published : Apr 26, 2024 08:42 am IST,  Updated : Apr 26, 2024 08:42 am IST

शिवपाल यादव और अखिलेश ने सीएम योगी के चूरन वाले बयान की जमकर निंदा की। अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वसूली को चंदा कहने वाले अब प्रसाद को चूरन कह रहे हैं। कभी ये छियालिस में छप्पन वाली उल्टी गणित समझाते हैं, इनका सब कुछ उल्टा-पुल्टा है, इसीलिए इस बार जनता इनको उलटने-पलटने जा रही है।

shivpal yadav yogi adityanath- India TV Hindi
शिवपाल यादव और योगी आदित्यनाथ Image Source : PTI

समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उनकी इस टिप्पणी को लेकर आलोचना की कि पार्टी में उनकी भूमिका काफी घटा दी गई है और अब वह वैसे नहीं हैं जो पहले हुआ करते थे। योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में एक राजनीतिक रैली में कहा था, ‘‘मुझे असहाय शिवपाल पर दया आती है। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जो सत्यनारायण की कथा सुनता है और वहां वितरित किए जाने वाला चूरन ग्रहण करता है।’’

उन्होंने कहा कि शिवपाल मुलायम सिंह यादव के ‘सिपहसालार’ हुआ करते थे लेकिन पार्टी में उनका कद काफी घट गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि उन्हें बैठने के लिए सोफा तक नहीं मिलता। इसलिए मैं कहना चाहता हूं, चूरन मत खाइए। भाजपा के साथ सत्ता में भागीदार बनकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने का काम करिए।''

'चूरन खाने वाले ने बहुतों का हाजमा ठीक किया'

शिवपाल ने सोशल मीडिया हैंडल X पर सीएम योगी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, ‘‘ज्ञानी मुख्यमंत्री महोदय, भगवान सत्यनारायण की कथा के पश्चात चूरन नहीं प्रसाद वितरित होता है। पवित्र प्रसाद को चूरन कहना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का अपमान है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक चूरन खाने वाले व्यक्ति का सवाल है, आपको पता होना चाहिए कि इस चूरन खाने वाले ने बहुतों का हाजमा दुरुस्त किया है।’’

'वसूली को चंदा कहने वाले अब प्रसाद को चूरन कह रहे'

सपा प्रमुख अखिलेश ने भी योगी आदित्यनाथ की निंदा की। अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वसूली को चंदा कहने वाले अब प्रसाद को चूरन कह रहे हैं। कभी ये छियालिस में छप्पन वाली उल्टी गणित समझाते हैं, इनका सब कुछ उल्टा-पुल्टा है, इसीलिए इस बार जनता इनको उलटने-पलटने जा रही है।

अखिलेश ने कहा कि जनता सही पाठ पढ़ाने के लिए भाजपा की क्लास लेने को तैयार है, पहले चरण का लेक्चर हो चुका है, दूसरा सबक कल दिया जाएगा। आखिरी चरण आते-आते जनता इनका पूरा इलाज कर देगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

अखिलेश ने बताया गमछा पहनने का कारण, कहा- मोहन यादव को न बता देना

‘आपके 4 कमरों में से 2 कमरे कांग्रेस और सपा वाले दबोच लेंगे’, जानें PM मोदी ने ऐसा क्यों कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।