1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. सूडान ने किया अपने ही देश के एयरपोर्ट पर बड़ा हवाई हमला, भाड़े के 40 कोलंबियाई लड़ाके ढेर

सूडान ने किया अपने ही देश के एयरपोर्ट पर बड़ा हवाई हमला, भाड़े के 40 कोलंबियाई लड़ाके ढेर

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 07, 2025 05:48 pm IST,  Updated : Aug 07, 2025 06:21 pm IST

सूडान ने अपने ही देश के दारफुर एयरपोर्ट पर हवाई हमला कर दिया है। इस एयरस्ट्राइक में सूडान ने विरोधी पक्ष के भाड़े पर लाए गए 40 लड़ाकों को ढेर करने का दावा किया है।

प्रतीकात्मक फोटो। - India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो। Image Source : AP

काहिरा: सूडान की सेना ने दारफुर क्षेत्र में स्थित हवाई अड्डे को एयरस्ट्राइक में निशाना बनाया है। दावा है कि यह कुख्यात अर्धसैनिक समूहों के नियंत्रण में था। इस हमले में एक संदिग्ध अमीराती सैन्य विमान को नष्ट कर दिया गया और 40 संदिग्ध भाड़े के सैनिक मारे गए। यह जानकारी सूडानी अधिकारियों और एक विद्रोही सलाहकार ने गुरुवार को दी।

मारे गए कोलंबियाई लड़ाके

सुडान के अनुसार बुधवार को नयाला हवाई अड्डे पर किए गए इस हमले में कम से कम 40 कोलंबियाई भाड़े के लड़ाकों की मौत हुई। साथ ही  हथियारों और उपकरणों की एक खेप नष्ट हो गई, जिसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) द्वारा रैपिड सपोर्ट फोर्सेस (RSF) को भेजा गया था। दो सूडानी सैन्य अधिकारियों और RSF से जुड़े एक विद्रोही नेता के सलाहकार ने यह जानकारी दी। 

2023 से जारी संघर्ष

सूडान में यह संघर्ष अप्रैल 2023 से जारी है। यहां की राजधानी खार्तूम और अन्य क्षेत्रों में सूडानी सेना और RSF के बीच घातक झड़पें चल रही हैं।  यह अब एक पूर्ण गृहयुद्ध का रूप ले चुकी हैं। इसमें अब तक दसियों हजार लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 1.4 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। इससे देश का बड़ा हिस्सा अकाल की कगार पर पहुंच चुका है। इस युद्ध में नरसंहार और बलात्कार जैसे अपराध सामने आए हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के रूप में जांच रहा है।

नयाला एयरपोर्ट पर फाइटर जेट से हमला

सूडान टीवी ने रिपोर्ट में बताया कि जिस विमान को सूडानी सेना ने निशाना बनाया वह अरब खाड़ी क्षेत्र के एक सैन्य अड्डे से उड़ान भरकर नयाला एयरपोर्ट पर उतरा था। मगर उसे सूडानी फाइटर जेट्स ने हमले में क्षतिग्रस्त कर दिया। सूडान ने इस हमले को अंजाम देकर विदेशी हस्तक्षेप के खिलाफ कड़ा संदेश देने का काम किया। इस घटना के बाद कोलंबियाई राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स (X) पर लिखा कि उन्होंने कोलंबियाई भाड़े के लड़ाकों की मौत की जांच के आदेश दिए हैं।

RSF ने दारफुर की राजधानी पर किया था कब्जा

जिस दक्षिण दारफुर की राजधानी नयाला के एयरपोर्ट पर सूडान ने एयरस्ट्राइक की है, वहां RSF ने पिछले साल कब्जा कर लिया था। सूडानी सरकार का आरोप है कि RSF ने नागरिक हवाई अड्डे को सैन्य अड्डे में बदल दिया है, जहां से हथियारों की आपूर्ति और सोने की तस्करी की जा रही है।

क्या है यूएन की रिपोर्ट

संयुक्त राष्ट्र की अप्रैल में जारी रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि कोलंबियाई भाड़े के सैनिक दारफुर में मौजूद हैं और उन्हें RSF के लिए एक निजी सुरक्षा कंपनी ने नियुक्त किया था। कोलंबियाई विदेश मंत्रालय ने भी इनकी मौजूदगी स्वीकार की और इनकी सुरक्षित वापसी के लिए एक विशेष त्वरित प्रतिक्रिया दल बनाने की घोषणा की।

UAE ने सूडानी विमानों को बैन किया

इधर सूडानी विमानन एजेंसी ने आरोप लगाया कि बुधवार को UAE ने सूडानी विमानों को अपने हवाई अड्डों पर उतरने से रोक दिया। अबू धाबी एयरपोर्ट पर एक सूडानी विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि UAE के विदेश मंत्रालय ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की। सूडान की सरकार और UAE के बीच संबंध हाल के महीनों में RSF को समर्थन देने के आरोपों के कारण खराब हो चुके हैं। सूडान ने इसी वर्ष UAE से राजनयिक संबंध तोड़ लिए थे।

RSF ने की एल-फाशर की घेराबंदी

US-स्थित येल यूनिवर्सिटी के ह्यूमैनिटेरियन रिसर्च लैब (HRL) की सैटेलाइट इमेज रिपोर्ट में बताया गया कि RSF ने उत्तर दारफुर की राजधानी एल-फाशर को पूरी तरह से घेर लिया है। HRL के मुताबिक RSF शहर के हर रास्ते को नियंत्रित कर रहा है। जो नागरिक बाहर निकलना चाहते हैं, उन्हें 50 मीटर चौड़े चेकपॉइंट से गुजरना होता है। RSF पिछले एक साल से शहर पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। जून से अब तक दो बाजारों, तीन स्कूलों और दो मस्जिदों पर RSF द्वारा बमबारी की गई है।  (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।