1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. भारत को मिला पहला राफेल विमान, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भरी उड़ान, कहा- आत्मरक्षा के लिए करेंगे इस्तेमाल

भारत को मिला पहला राफेल विमान, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भरी उड़ान, कहा- आत्मरक्षा के लिए करेंगे इस्तेमाल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 08, 2019 05:32 pm IST,  Updated : Oct 09, 2019 12:04 am IST

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को मेरिग्नैक से एक राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। इसके पहले उन्होंने खरीदे गए 36 राफेल लड़ाकू विमानों में से पहला विमान प्राप्त किया।

Defence Minister Rajnath Singh- India TV Hindi
Defence Minister Rajnath Singh

पेरिस: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को मेरिग्नैक से एक राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। इसके पहले उन्होंने खरीदे गए 36 राफेल लड़ाकू विमानों में से पहला विमान प्राप्त किया। राजनाथ फ्रांस के तीन दिवसीय दौरे पर हैं, जहां उन्होंने मेरिगनैक में दॉसो एविएशन के एक संयत्र से पहला राफेल लड़ाकू विमान प्राप्त किया। इस मौके पर कंपनी के सीईओ एरिक ट्रैपियर और फ्रांस के रक्षामंत्री फ्लोरेंस पार्ले मौजूद थे। फ्रांस में कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह समारोह वास्तव में भारतीय सशस्त्र बलों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यह समारोह भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी की गहराई को दर्शाता है। 

Related Stories

उन्होनें कहा कि शुरुआत में मैं स्वर्गीय राष्ट्रपति जैक्स चिरक को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जो वास्तव में वैश्विक राजनेता हैं और भारत के मित्र हैं- जिन्होंने भारत-फ्रांस स्टार्टअप पार्टनरशिप की स्थापना और निर्माण में हमारे दिवंगत प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ एक निर्णायक भूमिका निभाई। रक्षा मंत्री ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि दो महत्वपूर्ण और बड़े लोकतंत्रों के बीच मजबूत सहयोग वैश्विक शांति, समृद्धि और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए विकसित और योगदान करना जारी रहेगा।

रक्षा मंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुअल मैक्रों से मुलाकात भी की तथा दोनों देशों के रक्षा एवं रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने के बारे में चर्चा की। भारतीय वायुसेना ने फ्रांस से राफेल लड़ाकू जेट की खरीद की है। फ्रांस द्वारा पहले राफेल को आधिकारिक रूप से सौंपे जाने के कार्यक्रम के तहत सिंह सोमवार को फ्रांस आए। फ्रांस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एलिसी पैलेस में उनसे मुलाकात के दौरान सिंह ने फ्रांस को भारत का ‘‘महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार’’ बताया। 

रक्षा मंत्रालय ने इस मुलाकात को ‘‘बहुत गर्मजोशी से भरी और फलदायी’’ बताया। बैठक करीब 35 मिनट चली। इसके बाद मंत्रालय की ओर से बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया, ‘‘यह बैठक दर्शाती है कि भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय साझेदारी कितनी गहरी है, खासकर रक्षा क्षेत्र में और हाल के वर्षों में यह उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ हुई है। दोनों नेताओं ने इन संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाने का संकल्प लिया।’’ इसमें कहा गया, ‘‘दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने और मेक इन इंडिया पहल को समर्थन देने के लिए सिंह ने राष्ट्रपति मैक्रों का आभार व्यक्त किया।’’ 

उन्होंने फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति जाक शिराक के निधन पर भारत सरकार की ओर से शोक व्यक्त किया। फ्रांस आए मंत्री स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल रक्षा सचिव अजय कुमार ने कहा, ‘‘फ्रांस के साथ हमारे बहु-आयामी संबंध हैं और संबंध सभी मोर्चों पर आगे बढ़ रहे हैं। आज की बातचीत दोनों देशों के बीच व्यापक रक्षा चर्चा का हिस्सा है।’’ मैक्रों से मुलाकात से पहले सिंह ने फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले के साथ बैठक की। इस बैठक में फ्रांस के राष्ट्रपति के रक्षा सलाहकार एडमिरल बरनर्ड रोजेल भी मौजूद थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश