1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 52 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 49 पर था करीब डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 52 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 49 पर था करीब डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jan 15, 2026 05:48 pm IST,  Updated : Jan 15, 2026 05:55 pm IST

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बृहस्पतिवार को 52 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से 49 नक्सलियों पर कुल 1.41 करोड़ रुपये का इनाम था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को 52 नक्सलियों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिनमें से 49 पर कुल 1.41 करोड़ रुपये से ज़्यादा का इनाम था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरेंडर करने वाले कैडरों में 21 महिलाएं भी शामिल हैं। जो माओवादियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC), आंध्र-ओडिशा बॉर्डर डिवीजन और भामरागढ़ एरिया कमेटी (महाराष्ट्र) में एक्टिव थीं।

सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित हैं नक्सली

बीजापुर के एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि नक्सलियों ने सीनियर पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) अधिकारियों के सामने "पूना" मार्गेम (पुनर्वास से सामाजिक एकीकरण तक) पहल के तहत सरेंडर किया। एसपी ने यह भी बताया कि नक्सली राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से भी प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से डिविजनल कमेटी सदस्य लक्खू कारम उर्फ अनिल (32) और प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य लक्ष्मी माडवी (28) और चिन्नी सोढ़ी उर्फ शांति (28) पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 13 अन्य नक्सलियों पर पांच-पांच लाख रुपये, 19 कैडर पर दो-दो लाख रुपये और 14 कैडर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि 52 में से 49 नक्सलियों पर कुल 1.41 करोड़ रुपये का इनाम था। 

सभी नक्सलियों को तत्काल 50 हजार रुपये की मदद

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को तत्काल 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी और सरकार की नीति के मुताबिक उनका पुनर्वास किया जाएगा। बुधवार को राज्य के पड़ोसी सुकमा जिले में 29 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। इससे पहले आठ जनवरी को पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले में 63 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। वहीं, सात जनवरी को सुकमा में 26 नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो गए थे। साल 2025 में राज्य में 1,500 से ज्यादा नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। केंद्र सरकार ने इस वर्ष 31 मार्च तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।