1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: सूर्यकुमार यादव ने पाक क्रिकेटर को बताया आतंकी? जानें क्या है वायरल VIDEO की सच्चाई

Fact Check: सूर्यकुमार यादव ने पाक क्रिकेटर को बताया आतंकी? जानें क्या है वायरल VIDEO की सच्चाई

 Published : Sep 25, 2025 05:00 pm IST,  Updated : Sep 25, 2025 06:35 pm IST

सोशल मीडिया पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम से एक पोस्ट शेयर हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार से फरहान के ‘बंदूक’ वाले एक्शन पर कहा कि आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।

fact check- India TV Hindi
फैक्ट चेक। Image Source : PTI/SCREENSHOT

भारत ने एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। इस मैच के दौरान पाकिस्तान के क्रिकेटर साहिबजादा फरहान ने मैच में 50 रन बनाने के बाद ‘बंदूक चलाने’ जैसा एक्शन किया था। वहीं, मैच खत्म होने के बाद से सोशल मीडिया पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम से एक पोस्ट शेयर हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब एक पत्रकार ने सूर्यकुमार यादव से फरहान के ‘बंदूक’ वाले एक्शन पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।

हालांकि फैक्ट चेक की जांच में यह वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। पड़ताल के दौरान हमने 21 सितंबर को खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो देखा। वीडियो में कहीं भी क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लेकर ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की। उनके नाम से फैलाया जा रहा यह बयान पूरी तरह झूठा साबित हुआ। 

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर 8 सितंबर 2025 को एक यूजर ने वायरल तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव से सवाल :पत्रकार: "साहिबज़ादा फरहान के अजीबोगरीब सेलिब्रेशन पर आपका क्या कहना है?" SKY: "जिस देश की पहचान ही आतंकवाद हो, वहां के नागरिकों से सभ्यता की उम्मीद करना बेकार है। आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।" वहीं, एक अन्य यूजर ने X पर समान दावे के साथ 22 सितंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर किया है।

fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक

पड़ताल:

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए संबंधित कीवर्ड से सर्च किया गया, लेकिन इस दौरान कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल के अगले क्रम में हमने वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च के जरिए खंगाला गया। पड़ताल में यह वीडियो Asian Cricket Council के यूट्यूब चैनल पर मिला, जहां इसे 22 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था।

fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

हमने पूरा वीडियो देखा, जिसमें कहीं भी सूर्यकुमार यादव ने वह बयान नहीं दिया जो वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने पाकिस्तान को हराने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि आप लोगों को अब राइवलरी के बारे में पूछना बंद कर देना चाहिए। अगर दो टीमें 15-20 मैच खेल रही हैं और स्कोर लाइन 7-7 या 8-7 है तो आप उसको राइवलरी कहोगे। अगर स्कोर लाइन 10-1 या 13-0 है, मुझे सही स्टैट नहीं मालूम, पर यह फिर राइवलरी नहीं रही।

फैक्ट चेक में क्या निकला?

फैक्ट चेक की जांच में यह वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। हमारी पड़ताल में सामने आया कि सूर्यकुमार यादव ने ऐसा कुछ नहीं कहा है, उनके नाम पर शेयर हो रहा ये बयान फर्जी है। पड़ताल के दौरान हमने 21 सितंबर को खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो देखा। वीडियो में कहीं भी क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लेकर ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की। फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।