1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. सूरजकुंड मेला हादसा: DGP ने इंस्पेक्टर जगदीश की मौत पर जताया शोक, अगले महीने होने वाले थे रिटायर, राहत राशि का भी ऐलान

सूरजकुंड मेला हादसा: DGP ने इंस्पेक्टर जगदीश की मौत पर जताया शोक, अगले महीने होने वाले थे रिटायर, राहत राशि का भी ऐलान

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Feb 07, 2026 11:58 pm IST,  Updated : Feb 08, 2026 12:12 am IST

फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर के परिजनों को एक करोड़ की राशि और अन्य लाभ दिए जाएंगे। डीजीपी ने इस बात की घोषणा की है।

Jagdish - India TV Hindi
इंस्पेक्टर जगदीश Image Source : REPORTER INPUT

चंडीगढ़: फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में करीब 13 लोग घायल हो गए और जबकि एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब झूले पर करीब 26 लोग सवार थे और इसी दौरान झूला टूटकर गिर गया। इस घटना में ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर जगदीश की मौत हो गई। 

डीजीपी ने जताया शोक, किया मुआवजे का ऐलान

डीजीपी अजय सिंघल ने इंस्पेक्टर जगदीश की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा है कि उनका निधन पुलिस विभाग की अपूरणीय क्षति है। डीजीपी ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश के परिजनों को पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रुपए की  राशि और विभाग द्वारा अन्य लाभ दिए जाएंगे।

अजय सिंघल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सूरजकुंड मेले में ड्यूटी के दौरान निरीक्षक जगदीश ने असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने कर्तव्यों से पीछे हटने के बजाय लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी, जो पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का जीवंत उदाहरण है।

डीजीपी ने कहा कि निरीक्षक जगदीश का योगदान और समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनका निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि विभाग परिवार के साथ इस कठिन समय में पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

सूरजकुंड मेले में क्या हुआ था?

फरीदाबाद में आयोजित किए जा रहे सूरजकुंड मेला में शनिवार सायं लगभग 6:00 बजे एक झूला अचानक तकनीकी खराबी के कारण टूटकर गिर गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक जगदीश ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए तत्काल बचाव कार्य प्रारंभ किया। लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। 

मथुरा के रहने वाले थे इंस्पेक्टर जगदीश, अगले महीने होना था रिटायरमेंट

जगदीश जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे। उनका जन्म 5 मार्च 1968 को हुआ था। वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी के लिए नियुक्त किए गए थे। वह अगले महीने वह रिटायर भी होने वाले थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।