प्रेग्नेंसी का समय महिलाओं की ज़िंदगी का सबसे खास दौर होता है। इस समय शरीर और मन दोनों ही बहुत संवेदनशील हो जाते हैं। ऐसे में थकान, मौसम का जरा सा बदलाव या ठंडी हवा भी सर्दी-जुकाम ले आती है। और फिर मन में तुरंत कई सवाल उठते हैं 'क्या मैं अदरक खा सकती हूं? 'क्या शहद लूं?', 'काढ़ा ठीक रहेगा या नहीं?'अगर आप भी गर्भवती हैं तो ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है। आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ चंचल शर्मा बताती हैं कि सर्दी-जुकाम कोई बड़ी बीमारी नहीं, बस थोड़ी समझदारी आप खुद को और बेबी दोनों को सुरक्षित रख सकती हैं। आइए, जानते हैं प्रेग्नेंसी में सर्दी-जुकाम को लेकर आपके मन में उठने वाले हर कॉमन सवाल का आसान और भरोसेमंद जवाब।
क्या प्रेग्नेंसी में सर्दी होने पर अदरक खा सकते हैं?
हां, थोड़ी मात्रा में अदरक लेना सुरक्षित है। इसमें ऐसे नेचुरल तत्व होते हैं जो गले की सूजन और कफ को कम करते हैं। अगर गला दर्द कर रहा हो तो आधा इंच अदरक को पानी या सूप में डालकर पी लें। बस ध्यान रहे, अदरक ज़्यादा मात्रा में पेट में जलन कर सकता है। इसलिए संतुलित मात्रा ही लें।
क्या गर्भावस्था में सर्दी-जुकाम के दौरान काढ़ा पीना सही है?
कई लोग कहते हैं काढ़ा पी लो सब ठीक हो जाएगा, लेकिन गर्भावस्था में हर काढ़ा सुरक्षित नहीं होता। अगर हल्का काढ़ा हो जैसे तुलसी, अदरक और काली मिर्च का थोड़ा-सा मिश्रण तो दिन में एक बार लिया जा सकता है। लेकिन बहुत स्ट्रॉन्ग या बार-बार काढ़ा पीना शरीर को ज़्यादा गर्म कर सकता है, जिससे असहजता या कॉन्ट्रैक्शन महसूस हो सकते हैं। इसलिए डॉक्टर की सलाह लेना सबसे सही रहेगा।
क्या प्रेग्नेंसी में सर्दी होने पर शहद लेना सुरक्षित है?
हां, पाश्चुराइज़्ड शहद गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित है। यह गले की खराश को शांत करता है और सर्दी के लक्षणों को कम करता है। सुबह गुनगुने पानी या दूध में एक चम्मच शहद मिलाकर पीना बहुत सुकून देता है। पर ध्यान रहे कच्चा शहद कभी न लें, क्योंकि उसमें बैक्टीरिया हो सकता है।
क्या गर्भवती महिलाएं सर्दी में तुलसी की चाय पी सकती हैं?
हां, तुलसी की हल्की चाय लेना अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें ऐसे गुण होते हैं जो शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाते हैं। बस तुलसी के 3-4 पत्ते पानी में उबालें, और जब गुनगुना हो जाए तो धीरे-धीरे पिएं। ज्यादा मात्रा या तुलसी के अर्क वाले प्रोडक्ट्स से बचें।
क्या प्रेग्नेंसी में सर्दी होने पर हल्दी वाला दूध पी सकते हैं?
हां, हल्दी वाला दूध एक आयुर्वेदिक हर्बल ड्रिंक है जिसके सेवन से प्राकृतिक रूप से रिकवरी होती है। हल्दी में कर्क्यूमिन नामक पदार्थ पाया जाता है जो संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। आप रात में सोने से पहले एक गिलास गुनगुने दूध में थोड़ी ही हल्दी मिलाकर पी सकते हैं, इससे सर्दी में आराम मिलता है।
क्या गर्भवती महिला सर्दी होने पर नींबू पानी या विटामिन C फूड्स खा सकती है?
हां, संतरा, आंवला, अमरूद, नींबू जैसे फल इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बेहतरीन हैं। इनमें मौजूद विटामिन C शरीर को संक्रमण से बचाने में मदद करता है। बस याद रखें कि सप्लीमेंट तभी लें जब डॉक्टर सलाह दें।
प्रेग्नेंसी में सर्दी होने पर डॉक्टर के पास कब जाएं?
अगर सर्दी 4–5 दिन से ज़्यादा रहे, तेज़ बुखार आए, गले में दर्द बढ़े या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें। छोटी सी इंफेक्शन को भी इस समय हल्के में नहीं लेना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।