1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फर्जी समन और ‘डिजिटल अरेस्ट’ रोकने के लिए ED ने बदला समन जारी करने का तरीका, जानें नई प्रक्रिया

फर्जी समन और ‘डिजिटल अरेस्ट’ रोकने के लिए ED ने बदला समन जारी करने का तरीका, जानें नई प्रक्रिया

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 20, 2025 03:39 pm IST,  Updated : Nov 20, 2025 03:39 pm IST

ईडी ने समन जारी करने की प्रकिया में बदलाव करते हुए चेतावनी जारी की है और लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है। फर्जी समन और ‘डिजिटल अरेस्ट’ के मामले रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

ED- India TV Hindi
ईडी की तरफ से जारी एडवाइजरी Image Source : X/NIRMALASITHARAMAN

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम जनता को फर्जी समन को लेकर सतर्क रहने कि सलाह दी है। ED अधिकारियों के मुताबिक, हाल के दिनों में कुछ ठग ईडी के नाम पर नकली समन और नोटिस  भेजकर लोगों से ठगी या वसूली करने की कोशिश कर रहे हैं। ये फर्जी समन असली समन की तरह दिखते हैं, जिससे आम लोगों के लिए असली और नकली समन में फर्क करना मुश्किल हो जाता है।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि अब सभी असली समन सिस्टम से ही जारी किए जाते हैं, जिन पर एक QR कोड और एक यूनिक पासकोडदिया होता है। इसके जरिए कोई भी व्यक्ति आसानी से यह जांच सकता है कि उसे मिला समन असली है या फर्जी। समन पर जारी करने वाले अधिकारी के हस्ताक्षर, मुहर, आधिकारिक ईमेल आईडी और फोन नंबर भी होंगे।

समन को जांचने के दो तरीके

1. QR कोड स्कैन कर असली और नकली के बीच का फर्क पता करें

• समन पर छपे QR कोड को अपने मोबाइल से स्कैन करें।

• स्कैन करने पर ईडी की वेबसाइट का पेज खुलेगा।

• उस पेज पर समन पर लिखा पासकोड दर्ज करें।

• अगर जानकारी सही है, तो वेबसाइट पर समन से जुड़ी पूरी जानकारी (जैसे नाम, अधिकारी का नाम, पद और तारीख) दिख जाएगी।

2. वेबसाइट पर जाकर जांच करें

• ईडी की वेबसाइट https://enforcementdirectorate.gov.in पर जाएं।

• वहां ‘Verify Your Summons’ वाले मेन्यू पर क्लिक करें।

• समन नंबर और पासकोड डालें।

• अगर जानकारी सही है, तो वेबसाइट पर असली समन का विवरण दिखाई देगा।

फर्जी समन मिलने पर क्या करें?

ईडी ने कहा कि यह जांच समन जारी होने के 24 घंटे बाद (छुट्टियों और शनिवार-रविवार को छोड़कर) की जा सकेगी। अगर समन सिस्टम से जारी नहीं हुआ है तो उसकी जांच के लिए आप ईडी के सहायक निदेशक राहुल वर्मा से संपर्क कर सकते हैं। उन्हें adinv2-ed@gov.in पर ईमेल किया जा सकता है। इसके साथ ही 011-23339172 पर कॉल कर उनसे संपर्क किया जा सकता है। नई दिल्ली के एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर बने प्रवर्तन भवन के ए-ब्लॉक में भी उनसे संपर्क किया जा सकता है।

कभी भी “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करते ईडी अधिकारी

ईडी ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ ठग “डिजिटल अरेस्ट” या “ऑनलाइन अरेस्ट” के नाम पर लोगों को डराकर पैसे वसूल रहे हैं। ईडी ने कहा, “ऐसा कोई कानून नहीं है। ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी हमेशा सामने आकर, विधिक प्रक्रिया के तहत की जाती है, ऑनलाइन या डिजिटल रूप से नहीं।” ईडी ने जनता से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति या संदेश पर विश्वास न करें जो खुद को ईडी अधिकारी बताकर पैसे मांगता हो या गिरफ्तारी की धमकी देता हो।

यह भी पढ़ें-

डोनाल्ड ट्रंप के बेटे आगरा में करेंगे ताज के दीदार, उदयपुर में हाई-प्रोफाइल शादी में होंगे शामिल

'अदालत राज्यपाल की भूमिका को टेकओवर नहीं कर सकती', सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत