Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु: डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में बस से भिड़ी कार, सभी 5 की हुई मौत

बेंगलुरु: डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में बस से भिड़ी कार, सभी 5 की हुई मौत

Edited By: Amar Deep @amardeepmau Published : Feb 15, 2026 11:08 pm IST, Updated : Feb 15, 2026 11:08 pm IST

बेंगलुरु में एक कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चल रही बस से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कार सवार पांच लोगों की हुई मौत। - India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE कार सवार पांच लोगों की हुई मौत।

बेंगलुरु: शहर के बाहरी इलाके नेलमंगला के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक कार और केएसआरटीसी बस की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को इस हादसे के बारे में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार आधी रात को हुई, जब बेंगलुरु की ओर जा रही कार डिवाइडर से टकराकर विपरीत लेन में चली गई। इसके बाद कार सामने से आ रही बस से जा टकराई। पुलिस के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। 

सभी मृतक 17 से 22 साल के बीच

अधिकारियों को संदेह है कि कार तेज गति से जा रही होगी और चालक ने नियंत्रण खो दिया होगा, जिसके कारण दुर्घटना हुई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की उम्र 17 से 22 वर्ष बताई जा रही है, जो डोड्डाबल्लापुरा के रहने वाले थे। हालांकि, बस में सवार सभी 43 यात्रियों को कोई खास चोट नहीं आई। हादसे के बाद, बस यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरी बस में भेजा गया। वहीं इस पूरी घटना को लेकर मदनायकानहल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जा रही है। 

मंदिर के लिए कहकर निकला था शख्स

संयुक्त पुलिस आयुक्त कार्तिक रेड्डी ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या कार के चालक और उसमें सवार लोगों ने शराब का सेवन किया था। उन्होंने बताया "हमने ब्लड सैंपल एकत्र कर लिए हैं और उन्हें जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है। उनकी पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।" पीड़ितों में से एक की मां ने बताया कि उनके बेटे ने उनसे कहा था कि वह मंदिर जा रहा है और उसे देर हो जाएगी। उन्होंने कहा, ''मैंने अपना बेटा खो दिया है, जो बालिग हो चुका था। वह सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटर के रूप में काम करता था। वे (सभी मृतक) सभी दोस्त थे, मुझे नहीं पता कि यह कार किसकी है।''

तमिलनाडु में भी पांच की मौत

वहीं एक अन्य हादसे में तमिलनाडु के वैप्पार-I गांव में दोपहिया वाहन और पर्यटक वाहन के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया और अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। एक बयान में स्टालिन ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा सदमा पहुंचा कि सामने से आ रहे एक वाहन से टक्कर हो जाने के बाद दोपहिया वाहन सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन और पांच वर्ष की आयु के दो लड़के शामिल थे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें-

देवर संग मिलकर महिला ने रची पति की हत्या की साजिश, एक लाख की दी थी सुपारी; तीन गिरफ्तार

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement