1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. उमा भारती की जेपी नड्डा से अपील- BJP शासित सभी राज्यों में हो पूर्ण शराबबंदी

उमा भारती की जेपी नड्डा से अपील- BJP शासित सभी राज्यों में हो पूर्ण शराबबंदी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 22, 2021 10:37 am IST,  Updated : Jan 22, 2021 10:37 am IST

भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने देश में भाजपा शासित सभी राज्यों में पूर्ण शराबबंदी की मांग की है। उन्होंने हाल में उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश में शराब पीने से बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का जिक्र करते हुए भाजपा शासित सभी राज्यों में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का अनुरोध किया है।

Uma Bharti- India TV Hindi
उमा भारती की जेपी नड्डा से अपील- BJP शासित सभी राज्यों में हो पूर्ण शराबबंदी Image Source : FILE PHOTO

भोपाल: भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने देश में भाजपा शासित सभी राज्यों में पूर्ण शराबबंदी की मांग की है। उन्होंने हाल में उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश में शराब पीने से बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का जिक्र करते हुए भाजपा शासित सभी राज्यों में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का अनुरोध किया है। उमा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी से इस ट्वीट के माध्यम से सार्वजनिक अपील करती हूं कि जहां भी भाजपा की सरकारें हैं उन राज्यों में पूर्ण शराबबंदी की तैयारी कीजिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लॉकडाउन के समय लगभग शराबबंदी की स्थिति रही इससे यह तथ्य स्पष्ट हो गया कि अन्य कारणों एवं कोरोना से लोगों की मृत्यु हुई, लेकिन शराब नहीं पीने से कोई नहीं मरा।’’ उमा ने कहा, ‘‘अभी हाल में उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश में शराब पीने से बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हुई। शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण अधिकतर सड़क हादसे होते हैं। यह बड़े आश्चर्य की बात है कि शराब मृत्यु का दूत है फिर भी थोड़े से राजस्व के लालच एवं शराब माफिया के दबाव के कारण शराबबंदी लागू नहीं हो पाती।’’

उन्होंने आगे लिखा कि अगर देखा जाए तो सरकारी व्यवस्था ही लोगों को शराब पिलाने का प्रबंध करती है। उमा ने कहा कि राजनीतिक दलों को चुनाव जीतने का दबाव रहता है। बिहार में भाजपा-जद(यू) गठबंधन की जीत यह साबित करती है कि शराबबंदी के कारण ही महिलाओं ने एकतरफा वोट नीतीश कुमार को दिए। उन्होंने कहा, ‘‘शराबबंदी कहीं से भी घाटे का सौदा नहीं है। शराबबंदी से राजस्व को हुई क्षति को कहीं से भी पूरा किया जा सकता है, लेकिन शराब के नशे में बलात्कार, हत्याएं, दुर्घटनाएं छोटी बालिकाओं के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं भयावह हैं तथा देश एवं समाज के लिए कलंक है।’’

उमा ने कहा कि कानून-व्यवस्था को बनाये रखने के लिए हजारों करोड़ रूपये खर्च होते हैं। समाज में संतुलन बनाए रखने के लिए शराबबंदी एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पर चर्चा शुरू की जा सकती है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मध्यप्रदेश में शराब की दुकानों की संख्या बढ़ाने के बारे में सरकार ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। (मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री) शिवराज सिंह चौहान का यह कदम अभिनंदनीय है।’’

इस महीने मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत हो गई थी। प्रदेश के उज्जैन जिले में पिछले साल अक्टूबर में जहरीली शराब पीने से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।