Thursday, February 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. India Vs NZ: सैंटनर के इन ‘ढाई’ कैचों के आगे बेबस हुई भारतीय टीम

India Vs NZ: सैंटनर के इन ‘ढाई’ कैचों के आगे बेबस हुई भारतीय टीम

Written by: IndiaTV Hindi Desk
Published : Nov 07, 2017 10:44 pm IST, Updated : Nov 07, 2017 11:02 pm IST

मिशेल सैंटनर की फील्डिंग के आगे भारतीय बल्लेबाज कुछ ज्यादा ही बेबस नजर आए। दरअसल, यह सैंटनर के ‘ढाई’ कैचों का ही कमाल था कि भारतीय टीम बड़ा स्कोर नहीं कर पाई...

New Zealand Team | AP Photo- India TV Hindi
New Zealand Team | AP Photo

त्रिवेंद्रम: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई, हालांकि गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने इस मैच में 6 रनों से जीत दर्ज की। त्रिवेंद्रम में खेले जा रहे इस मैच में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों और फील्डरों ने भारतीय टीम के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया और टीम निर्धारित 8 ओवरों में 5 विकेट पर सिर्फ 67 रन ही बना पाई। वैसे तो न्यूजीलैंड ने एक टीम के रूप में बेहद ही शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन किया, लेकिन मिशेल सैंटनर की फील्डिंग के आगे भारतीय बल्लेबाज कुछ ज्यादा ही बेबस नजर आए। दरअसल, यह सैंटनर के ‘ढाई’ कैचों का ही कमाल था कि भारतीय टीम बड़ा स्कोर नहीं कर पाई। आइए, बताते हैं कैसे...

शिखर धवन का कैच:

तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर सैंटनर ने टिम साउदी की गेंद पर शिखर धवन का कैच लपका। शिखर ने गेंद पर जोर से बल्ला घुमाया था, लेकिन गेंद बल्ले पर सही से नहीं आई और ऊंची उठ गई। सैंटनर ने अंत तक गेंद पर अपनी निगाहें जमाई रखीं और एक अच्छा कैच लपका। इस कैच के साथ ही भारत का पहला विकेट गिरा और शिखर धवन 6 गेंदों पर 6 रन की पारी खेलकर चलते बने।

रोहित शर्मा का कैच:
तीसरे ओवर की तीसरी यानी कि शिखर के आउट होने के बाद ठीक अगली गेंद पर रोहित शर्मा आउट हो गए। उन्होंने टिम साउदी की गेंद को पुल किया और गेंद थोड़ी देर के लिए हवा में टंग गई। डीप स्क्वेयर लेग पर खड़े सैंटनर ने कोई गलती नहीं की और एक बेहतरीन कैच लपका। इसके साथ ही रोहित की 9 गेंदों में 8 रन की पारी का अंत हो गया। सिर्फ 15 रन के कुल स्कोर पर ही भारत के दोनों ओपनर्स पविलियन लौट चुके थे और दोनों को ही सैंटनर ने कैच किया था।

मनीष पांडेय का ‘आधा’ कैच:
जी हां, यह सैंटनर का आधा कैच ही था जिसके चलते मनीष पांडेय आउट हुए। आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर मनीष पांडेय ने बोल्ट की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से उड़ाने की कोशिश की, लेकिन बीच में सैंटनर नाम की दीवार आ गई। सैंटनर ने दौड़ते हुए कैच लपकने की कोशिश की लेकिन जब उन्हें लगा कि वह कैच नहीं कर पाएंगे तो उन्होंने गेंद ग्रैंडहोम की तरफ उछाल दी। ग्रैंडहोम ने कैच लपक लिया और मनीष आउट हो गए। यह एक ऐसा कैच था जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मनीष 11 गेंदों पर 17 रन की पारी खेलकर आउट हुए, और एक बड़ा स्कोर खड़ा करने की भारतीय उम्मीदों को करारा झटका लगा। इस तरह सैंटनर के ‘ढाई’ कैचों के आगे भारतीय टीम बेबस हो गई।

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement