1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI: शुभमन गिल दिल्ली टेस्ट में हासिल कर सकते हैं बड़ी उपलब्धि, बनाने होंगे इतने रन

IND vs WI: शुभमन गिल दिल्ली टेस्ट में हासिल कर सकते हैं बड़ी उपलब्धि, बनाने होंगे इतने रन

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 08, 2025 03:55 pm IST,  Updated : Oct 08, 2025 03:55 pm IST

भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। ऐसा करने के लिए उन्हें इस मैच में बड़ी पारी खेलनी होगी।

Shubman Gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : AP

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 10 अक्टूबर से खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के पास एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। गिल टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने के बेहद करीब हैं और इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें दूसरे टेस्ट में 303 रन बनाने होंगे। अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में गिल को एक पारी में बैटिंग करने का मौका मिला था और वहां वह 50 रन बनाने में कामयाब रहे थे।

टेस्ट क्रिकेट में शुभमन गिल के आंकड़े

शुभमन गिल की बात करें तो वह अब तक टेस्ट फॉर्मेट में 38 मैच खेलने में कामयाब रहे हैं और वहां उनके बल्ले से 70 पारियों में 41.49 के औसत से 2697 रन आए हैं। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने के लिए 303 रन की जरूरत है। ऐसा करने के लिए उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में बड़ा स्कोर बनाना होगा। अब वह दिल्ली में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में इस उपलब्धि को अपने नाम कर पाते हैं या नहीं यह देखने लायक बात होगी।

इंग्लैंड सीरीज से पहले शुभमन गिल को बनाया गया था कप्तान

शुभमन गिल की बात करें तो उन्हें इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में गिल के बल्ले से खूब रन निकले थे। वहां उन्होंने पांच मैचों की 10 पारियों में 75.40 के औसत से 754 रन बनाए थे। इस दौरे पर शुभमन गिल के बल्ले से चार शतकीय पारियां देखने को मिली थी। जब से उन्हें टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है उसके बाद से गिल इस फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत ने दर्ज की थी एकतरफा जीत

वेस्टइंडीज सीरीज की बात करें तो अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत ने विंडीज को एक पारी और 140 रनों से हराया था। उस टेस्ट मैच की पहली पारी में वेस्टइंडीज की टीम 162 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में भारत ने पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 448 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। इसके बाद विंडीज की टीम दूसरी पारी में 146 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी भारतीय टीम इस प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।

यह भी पढ़ें

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में वापसी का इंतजार कर रहा ये खिलाड़ी, शुभमन गिल मौका ही देने को तैयार नहीं

मोहम्मद सिराज ने आईसीसी रैंकिंग में हासिल की नई ऊंचाई, पहली बार पाया ये मुकाम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल