1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. स्विमर वीरधवल खाड़े ने राष्ट्रीय तैराकी शिविर से वापिस लिया नाम

स्विमर वीरधवल खाड़े ने राष्ट्रीय तैराकी शिविर से वापिस लिया नाम

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 25, 2020 09:04 pm IST,  Updated : Aug 25, 2020 09:04 pm IST

एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता वीरधवल खाड़े ने मंगलवार को निजी कारणों का हवाला देकर दो महीने चलने वाले राष्ट्रीय अभ्यास शिविर से नाम वापिस ले लिया। 

स्विमर वीरधवल खाड़े...- India TV Hindi
स्विमर वीरधवल खाड़े ने राष्ट्रीय तैराकी शिविर से वापिस लिया नाम Image Source : GETTY

नई दिल्ली। एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता वीरधवल खाड़े ने मंगलवार को निजी कारणों का हवाला देकर दो महीने चलने वाले राष्ट्रीय अभ्यास शिविर से नाम वापिस ले लिया। खाड़े को श्रीहरि नटराज और कुशाग्र रावत के साथ शिविर के लिये दुबई जाना था । उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘मैने निजी कारणों से शिविर में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।’’

खाड़े महाराष्ट्र में तहसीलदार के पद पर तैनात हैं। वह अपने नियोक्ता से छुट्टी मिलने का इंतजार कर रहे थे । एसएफआई महासचिव मोनल चोकसी ने पीटीआई-भाषा को बताया था , ‘‘ फिलहाल ऐसा लग रहा है कि जब तक अनुमति नहीं मिलती वह शिविर में भाग नहीं ले पाएंगे। उन्होंने कुछ समय पहले इसके लिए अनुमति मांगी थी लेकिन तब इनकार कर दिया गया था। वह फिर से कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर उन्हें अनुमति नहीं मिली तो शायद वह इस विशेष सत्र में भाग नहीं ले पायेंगे।’’

श्रीहरि नटराज, कुशाग्र रावत और कोच ए सी जयराजन ने मंगलवार सुबह दुबई के लिए उड़ान भरी। तैराक साजन प्रकाश भी उनसे जुड़ेंगे। शिविर में भाग लेने वाले तैराकों की सूची में उन्हें बाद में शामिल किया गया। प्रकाश तैराकी मीट के अभ्यास के लिए फरवरी में फुकेट गये थे और तब से वहीं रह रहे हैं। चोकसी ने कहा, ‘‘ साजन प्रकाश भी वहां आज पहुंच जाएंगे।’’ 

सभी (तीनों) तैराकों की वहां पहुंचने पर कोविड-19 जांच होगी और तरणताल में जाने से पहले उन्हें चार दिनों तक पृथकवास पर रहना होगा। चोकसी ने कहा, ‘‘यहां से रवाना होने से पहले सभी की कोविड-19 जांच हुई और वहां पहुंचने के बाद भी उनका परीक्षण होगा। इसके बाद उन्हें चार दिनों तक पृथकवास पर रहना होगा।’’ 

ये तैराक दुबई की ‘एक्वा नेशन स्विमिंग एकेडमी’ में अभ्यास करेंगे। भारत के छह तैराकों ने अपने-अपने वर्ग में ओलंपिक का बी क्वालीफिकेशन हासिल किया है जिनकी कोशिश एक साल की देरी से हो रहे तोक्यो ओलंपिक के लिए ए क्वालीफिकेशन हासिल करने की होगी। इसमें नटराज, खाड़े, प्रकाश, रावत के अलावा आर्यन मखीजा और अद्वैत पेज भी शामिल है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल