Olympics 2024 Day 4: ओलंपिक 2024 के चौथे दिन भारत को मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने मेडल दिलाया है। ये दोनों एथलीट 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में खेल रहे थे। जहां उन्होंने कोरिया की मिक्स्ड टीम को रौंदा। ओलंपिक 2024 में मनु भाकर के नाम अब दो मेडल हो गए हैं। इन सबके बीच अन्य खेलों में भारत अपनी दावेदारी को पेश करेगा। ऐसे में आइए ओलंपिक के चौथे दिन के खेल के पूरे लाइव अपडेट के बारे में जानते हैं।
महिलाओं के 54 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में भारत की 20 साल की एथलीट प्रीति पवार को प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कोलंबिया की येनी एरियास के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
धीरज बोम्मादेवरा को PETERS Eric के खिलाफ 6-5 से शूट आउट में हार का सामना करना पड़ा है। इसी के साथ वह पेरिस ओलंपिक 2024 से बाहर हो गए हैं।
भारतीय हॉकी टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। क्योंकि अर्जेंटीना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला 2-0 से जीत लिया है। इससे टीम इंडिया की क्वार्टर फाइनल में एंट्री हो गई है।
आर्चरी के व्यक्तिगत इवेंट में धीरज बोम्मादेवरा ने 1/32 राउंड का मैच जीत लिया है। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया और एडम ली के खिलाफ 7-1 से मुकाबला अपने नाम किया है।
जैस्मीन लम्बोरिया को नेस्टी पेटेशियो के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी है और उन्होंने मुकाबला 0-5 से गंवाया है।
अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो को पेरिस ओलंपिक की महिला युगल स्पर्धा के ग्रुप सी में अपने से खराब रैंकिंग वाली सेतियाना मोपासा और एंजेला यू की ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा। अश्विनी और तनीषा की दुनिया की 18वें नंबर की जोड़ी को मापुसा और यू की दुनिया की 26वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 38 मिनट में 15-21, 10-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
मुक्केबाजी मे राउंड-16 में भारत के अमित पंघाल जाम्बिया के पैट्रिक चिनेम्बा से हार गए हैं। इसी के साथ वह पेरिस ओलंपिक 2024 से बाहर हो गए हैं और उनकी पदक की उम्मीदें टूट गई हैं। जाम्बिया के प्लेयर के खिलाफ 4-1 से हार झेलनी पड़ी है।
मुक्केबाजी में अमित पंघाल का मैच शुरू हो गया है। उनका मुकाबला जाम्बिया के पैट्रिक चिनेम्बा से होगा। अमित ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के सेमीफाइनल में पैट्रिक को हराया था।
बैडमिंटन में एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेडी और चिराग शेट्टी ने पेरिस ओलंपिक की मेंस डबल्स इवेंट में मुहम्मद रियान अर्दिआंतो और फजर अल्फियान की इंडोनेशिया की जोड़ी को 21-13, 21-21-13 से हराकर ग्रुप सी में टॉप पोजीशन हासिल की है।
भारतीय तीरंदाज भजन कौर ने ओलंपिक के महिला एकल वर्ग में इंडोनेशिया की साइफा नूरफीफा कमाल को 7-3 से शिकस्त दी। भजन ने शुरुआती सेट में साइफा के साथ अंक साझा किए जबकि इंडोनेशिया की तीरंदाज ने दूसरे सेट को जीतकर भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बना दिया। क्वालीफिकेशन में 22वें स्थान पर रहने वाली भजन ने इसके बाद दबाव में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने तीसरे सेट में अच्छी वापसी करते हुए 10-10 के दो निशाने के साथ 29 का स्कोर किया। भजन ने चौथे सेट में साइफा के 25 के मुकाबले 27 अंक जुटाकर 5-3 की बढ़त बनाई और फिर आखिरी सेट में 25 के मुकाबले 28 अंक बनाकर जीत पक्की कर ली।
अंकिता भकत ओलंपिक तीरंदाजी महिला एकल के अंतिम 64 दौर में पोलैंड की वियोलेटा मैसजोर से 4-6 से हार गई हैं। उनका सफर समाप्त हो गया है।
भारतीय निशानेबाज पृथ्वीराज तोंडइमन ने पुरुष ट्रैप स्पर्धा के क्वालीफिकेशन दौर के अंतिम दो राउंड में परफेक्ट 25 का निशाना लगाया लेकिन इसके बावजूद 21वें स्थान पर रहे। तोंडइमन पांच राउंड में 125 शॉट में से कुल 118 का स्कोर ही बना सके जिससे वह 30 निशानेबाजों में 21वें स्थान पर रहे। शीर्ष छह निशानेबाजों ने फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया।
भारतीय हॉकी टीम ने आयरलैंड को 2-0 से हरा दिया है। इस मैच में भारत के लिए दोनों गोल हरमनप्रीत सिंह ने दागे। उन्होंने टीम इंडिया को अपने दम पर जीत दिलाई है। भारत ने पहले मैच में न्यूजीलैंड को हराया था। इसके बाद अर्जेंटीना के साथ ड्रॉ खेला था।
भारतीय टीम को इस बार पेनाल्टी कॉर्नर मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बेहतरीन गोल कर दिया है।
पेरिस ओलंपिक में नौकायन में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि बलराज पंवार पुरूषों की एकल स्कल में अपनी हीट रेस में पांचवें स्थान पर रहे और अब 13वें से 24वें स्थान के लिए खेलेंगे। 25 साल के पंवार ने क्वार्टर फाइनल में चौथी हीट में सात मिनट और 5.10 सेकंड का समय निकाला। वह सेमीफाइनल सी.डी में खिसक गए जिसके मायने हैं कि ये खिलाड़ी 13वें से 24वें स्थान के लिए उतरेंगे। पंवार रेपेचेज दौर की रेस में दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे।
आयरलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय टीम ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। इसके बाद भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने बेहतरीन गोल कर दिया।
भारतीय हॉकी टीम का आयरलैंड से मुकाबला शुरू हो गया है। भारतीय टीम ने अभी तक पेरिस ओलंपिक 2024 में एक मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता है और अर्जेंटीना के खिलाफ ड्रॉ खेला है।
मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कोरिया की टीम को हराकर ब्रॉन्ज मेडल देश के लिए जीता है। इस मेडल के साथ ओलंपिक 2024 में भारत के नाम अब कुल दो मेडल हो गए हैं। इससे पहले मनु भाकर ने महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
कोरिया के शूटर्स ने भारत की मनु भाकर और सरबजोत सिंह के खिलाफ दूसरे राउंड में कमबैक किया है। पहले राउंड के बाद भारत 8-2 से आगे था, लेकिन दूसरे सेट के बाद अब भारत 10-6 से आगे है।
10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारतीय मिक्स्ड टीम ने शानदार शुरुआत की है। मनु भाकर और सरबजोत सिंह काफी आगे चल रहे हैं। भारत इस वक्त 8-2 से आगे है।
मनु भाकर और सरबजोत सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए तैयार हैं। क्वालीफिकेशन राउंड में तीन सीजन में, मनु ने 193, 195 और 192 का स्कोर किया, जबकि सरबजोत ने 194, 194 और 191 का स्कोर किया। दोनों ने मिलकर कुल 580 का स्कोर किया था।
संपादक की पसंद