लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़ी बड़ी खबर है। उन्होंने सरकार द्वारा मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है। गौरतलब है कि आजम खान को गिरफ्तारी से पहले वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी, ऐसे में जब वह जेल से रिहा हुए तो सरकार ने उनकी सुरक्षा को बहाल कर दिया। वाई श्रेणी की सुरक्षा में निजी सुरक्षा अधिकारी समेत करीब 8 पुलिसकर्मी शामिल होते हैं। ये सुरक्षा उस व्यक्ति को दी जाती है, जिस पर मध्यम खतरे की आशंका होती है।
Related Stories
आजम खान के बेटे ने बताई वजह
आजम खान के बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम ने मंगलवार को बताया, "हम सुरक्षा के लिए मना नहीं कर रहे हैं। मेरे पिता ने बस इतना कहा है कि वह उन्हें दी गई सुरक्षा का खर्च वहन नहीं कर पाएंगे।"
अब्दुल्ला ने कहा, "पहले उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन में एस्कॉर्ट और सुरक्षाकर्मी मिलते थे। अब चूंकि वह सुविधा उपलब्ध नहीं है। अब जो सुरक्षा मिली है उसमें तैनात कर्मियों के आने-जाने और अन्य खर्च हमें खुद उठाने होंगे। हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति इसकी इजाजत नहीं देती है।"
आजम का स्वास्थ्य ठीक नहीं, बयान भी सामने आया
मिली जानकारी के मुताबिक, आजम खान की सेहत ठीक नहीं है। वह 77 साल के हैं। वह रामपुर से रिकॉर्ड 10 बार विधायक रहे हैं और एक बार सांसद रहे हैं। वह हालही में जेल से रिहा होकर वापस घर लौटे हैं।
आजम खान ने कहा, "मुद्दा यह है कि बिना किसी औपचारिक संवाद के कोई कैसे जान पाएगा कि आपकी सुरक्षा में तैनात लोग कितने सच्चे हैं।" हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा, "खतरे की आशंका के आधार पर सुरक्षा बढ़ाई जाती है। चूंकि यह सुरक्षा प्रदान की गई है, इसका मतलब है कि इसकी जरूरत है।"
100 से ज्यादा मुकदमे हैं दर्ज
आजम खान के खिलाफ जमीन पर कब्जे और चोरी, डकैती समेत 100 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। वह बीते 23 सितंबर को जमानत पर सीतापुर जेल से रिहा हुए थे। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनसे रामपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात की थी। (इनपुट: भाषा)