1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन में कोरोना वायरस का खौफ, वुहान शहर किले में तब्दील, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, सिटी बस आज से बंद

चीन में कोरोना वायरस का खौफ, वुहान शहर किले में तब्दील, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, सिटी बस आज से बंद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 23, 2020 07:20 am IST,  Updated : Jan 23, 2020 07:20 am IST

चीन के जिस वुहान शहर से कोरोना वायरस फैला है, उसे किले में तब्दील कर दिया गया है।

CoronaVirus- India TV Hindi
CoronaVirus

चीन सहित दुनिया भर में अब तक के सबसे घातक कोरोना वायरस का खौफ जारी है। चीन के जिस वुहान शहर से कोरोना वायरस फैला है, उसे किले में तब्दील कर दिया गया है। न तो शहर से किसी को बाहर आने की अनुमति है न ही किसी को शहर में जाने की। चीनी न्यूज एजेंसी पीपुल्स डेली चाइना के मुताबिक हुबेई प्रांत में की राजधानी वुहान में गुरुवार 23 जनवरी की सुबह 10 बजे से ट्रैवल बैन लागू कर दिया गया है। इसके तहत वुहान के रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। साथ ही सिटी बस, सब वे, फेरी और लंबी दूरी की शटल पर भी अस्थाई रोक लगा दी गई है। 

बता दें कि चीन के वुहान शहर से फैले कोरोनावायरस जिसे वुहान वायरस भी कहा जा रहा है, इसकी वजह से बुधवार तक 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है और अब तक चीन में इसके करीब 444 मामले सामने आ चुके हैं। वायरस को लेकर भारत में भी सतर्कता बरती जा रही है। देश के सात हवाईअड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। ताजा मामलों में यूएस में एक, थाईलैंड में दो और जापान में एक मामला सामने आया है। यूएस वाले मामले में स्वास्थ्य अधिकारियों ने जानकारी दी है कि यह शख्स चीन के वुहान से अमेरिका आया है।

क्या है कोरोना वायरस

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक कोरोना एक वायरस है। कोरोना वायरस कई किस्म के होते हैं लेकिन इनमें से छह को ही लोगों को संक्रमित करने के लिए जाना जाता था। मगर नए वायरस का पता लगने के बाद यह संख्या बढकर सात हो जाएगी। नए वायरस के जेनेटिक कोड के विश्लेषण से यह पता चलता है कि यह मानवों को संक्रमित करने की क्षमता रखने वाले अन्य कोरोना वायरस की तुलना में 'सार्स' के अधिक निकटवर्ती है। सार्स नाम के कोरोना वायरस को काफी खतरनाक माना जाता है। सार्स के कारण चीन में साल 2002 में 774 लोगों की मौत हो गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश