1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के कबायली इलाके में दो बम विस्फोट, हुई 25 लोगों की मौत

पाकिस्तान के कबायली इलाके में दो बम विस्फोट, हुई 25 लोगों की मौत

 Written By: IANS
 Published : Jun 24, 2017 01:39 pm IST,  Updated : Jun 24, 2017 01:59 pm IST

जियो न्यूज द्वारा यह खबर दी गई कि पहला विस्फोट उस समय किया गया जब लोग इफ्तार और ईद के लिए पाराचिनार के तुरी बाजार में खरीद-फरोख्त कर रहे थे। बाजार के बीच में अचानक से हथगोला आ गिरा और उसी दौरान ज़ोर से धमाका हुआ।

bomb blast in pakistan- India TV Hindi
bomb blast in pakistan

नई दिल्ली: शुक्रवार को पाकिस्तान के कबायली इलाके कुर्रम एजेंसी के एक बाजार में दो बार बम विस्फोट की खबर सामने आई है। इस बम विस्फोट के दौरान 25 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है तथा 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे है। जियो न्यूज द्वारा यह खबर दी गई कि पहला विस्फोट उस समय किया गया जब लोग इफ्तार और ईद के लिए पाराचिनार के तुरी बाजार में खरीद-फरोख्त कर रहे थे। बाजार के बीच में अचानक से हथगोला आ गिरा और उसी दौरान ज़ोर से धमाका हुआ। इसके बाद जिस समय लोग घायलों की मदद करने में लगे हुए थे तथा कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे, उस दौरान दूसरा विस्फोट किया गया था।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, दूसरा विस्फोट फिदायीन प्रकृति का लगता है, लेकिन इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दोहरे विस्फोट की सूचना के फौरन बाद सेना तथा सुरक्षाबल घटनास्थल पर पहुंच गए। विस्फोट के सभी पीड़ितों को स्थानीय अस्पतालों तथा नजदीकी शहरों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सेना ने कहा कि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को विमान से पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के सबसे बड़ा शहर पेशावर ले जाया गया है।

स्थानीय मीडिया ने अस्पताल सूत्रों के हवाले से कहा है कि हमलों में घायल 100 से अधिक लोगों में कम से कम 30 की हालत नाजुक है। इंटर-सर्विसिस पब्लिक रिलेशंस ने कहा कि पाराचिनार में बचाव कार्य में सेना के दो हेलीकॉप्टरों को लगाया गया है। अब तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश