1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. इटली के पूर्व पीएम बर्लुस्कोनी का निधन, 13 वर्षीय नर्तकी से संबंध बनाने समेत रहे कई अजीबोगरीब कारनामे

इटली के पूर्व पीएम बर्लुस्कोनी का निधन, 13 वर्षीय नर्तकी से संबंध बनाने समेत रहे कई अजीबोगरीब कारनामे

 Published : Jun 12, 2023 11:04 pm IST,  Updated : Jun 12, 2023 11:04 pm IST

अपने रंगीन मिजाजी के लिए दुनिया में सबसे चर्चित रहने वाले इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इटली की पीएम जार्जिया मेलोनी ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी है।

इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी - India TV Hindi
इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी Image Source : FILE

अरबपति मीडिया मुगल और इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का सोमवार को निधन हो गया। उनके मीडिया नेटवर्क ने यह जानकारी दी। वह 86 वर्ष के थे। बर्लुस्कोनी रंगीन पार्टियों और भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोपों के बावजूद सबसे लंबे समय तक इटली के प्रधानमंत्री रहे। रंगीनमिजाजी और खुलकर कामेच्छा को व्यक्त करने के चलते वह दुनिया के सबसे चर्चित नेताओं में रहे। एक बार तो उन्होंने 13 वर्षीय नर्तकी से ही एक कार्यक्रम के दौरान शारीरिक संबंध बना डाला था। बदले में उसे मुंह मांगा आभूषण और पैसे भी दिए थे। मगर नर्तकी के नाबालिग होने के चलते बाद में उन पर मुकदमा भी चला।

बताया जा रहा है कि बर्लुस्कोनी कुछ सालों से हृदय रोग और कैंसर से पीड़ित थे। कभी अपनी रंगीन मिजाजी के लिये अक्सर चर्चा में रहने वाले बर्लुस्कोनी के मीडियासेट टेलीविजन नेटवर्क ने अपने मुखपृष्ठ पर उनकी एक तस्वीर लगाई है जिसमें उन्हें मुस्कुराते हुए दिखाया गया है। नेटवर्क ने उनके निधन की सूचना देते हुए लिखा, “बर्लुस्कोनी नहीं रहे।’’ बर्लुस्कोनी पिछले कुछ सालों से हृदय रोग, प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित थे। वह 2020 में कोविड-19 की चपेट में आने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे। मिलान के आर्कडायोसीज के अनुसार, बुधवार को मिलान के डुओमो गिरजाघर में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। कभी क्रूज शिप पर गाने वाले बर्लुस्कोनी ने अपने लंबे राजनीतिक करियर को शुरू करने के लिए अपने टेलीविजन नेटवर्क और अपार संपत्ति का इस्तेमाल किया।

तीन बार प्रधानमंत्री रहे बर्लुस्कोनी थे करिश्माई नेता

बर्लुस्कोनी इटली के तीन बार प्रधानमंत्री रहे। वह एक सक्षम और करिश्माई राजनेता थे, जिन्होंने विश्व मंच पर इटली को ऊपर उठाने का प्रयास किया। वहीं, आलोचकों के लिए वह एक लोकलुभावनवादी थे, जिन्होंने खुद को और अपने व्यवसायों को समृद्ध करने के लिए एक उपकरण के रूप में राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल करके लोकतंत्र को कमजोर करने की स्थिति बनाई। उनकी ‘फोर्जा इटालिया’ राजनीतिक पार्टी वर्तमान प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी के साथ एक गठबंधन सहयोगी थी, जो पिछले साल सत्ता में आईं एक धूर-दक्षिणपंथी नेता हैं। हालांकि बुर्लस्कोनी ने सरकार में कोई पद नहीं संभाला था।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन से थी कट्टर दोस्ती

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी दोस्ती ने यूक्रेन के कट्टर समर्थक मेलोनी के साथ उनके रिश्ते को मुश्किल में डाल दिया। मेलोनी ने बर्लुस्कोनी को एक “योद्धा” के तौर पर याद किया। मेलोनी ने इतालवी टीवी पर कहा, “वह एक ऐसे व्यक्ति थे जो अपने विश्वासों की रक्षा करने से कभी नहीं डरते थे। और यह ठीक वही साहस और दृढ़ संकल्प था जिसने उन्हें इटली के इतिहास के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक बना दिया” बर्लुस्कोनी अक्सर अपनी कामेच्छा का दावा करते थे और अपने विला में तथाकथित “बंगा बंगा” पार्टियों में दोस्तों और विश्व नेताओं का मनोरंजन करते थे।

बर्लुस्कोनी खुलकर कहते थे कि "मुझे महिलाएं पसंद हैं"

बर्लुस्कोनी ने 2010 में कहा था, “मुझे जीवन से प्यार है! मुझे महिलाएं पसंद हैं!” ऐसी ही एक पार्टी में 2013 में मेहमानों में एक कम उम्र की मोरक्कन नर्तकी शामिल थी, जिस पर अभियोजकों ने आरोप लगाया कि उसने नकदी और आभूषणों के बदले में बर्लुस्कोनी के साथ यौन संबंध बनाए। इस मामले में एक अदालत ने नाबालिग के साथ यौन संबंधों के लिये बर्लुस्कोनी को दोषी ठहराया था। नाबालिग व बर्लुस्कोनी दोनों ने ही यौन संबंधों की बात से इनकार किया था और बाद में उन्हें मामले में बरी कर दिया गया। बर्लुस्कोनी का जन्म 29 सितंबर, 1936 को मिलान में एक मध्यवर्गीय बैंकर के बेटे के रूप में हुआ था। उन्होंने कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने 25 साल की उम्र में एक निर्माण कंपनी शुरू की और मिलान के बाहरी इलाके में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए कई अपार्टमेंट का निर्माण कराया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश