Thursday, February 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने की पहल तेज, जेलेंस्की ने की फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात, मिलेगी ठोस गारंटी?

रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने की पहल तेज, जेलेंस्की ने की फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात, मिलेगी ठोस गारंटी?

Edited By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1
Published : Dec 01, 2025 11:34 pm IST, Updated : Dec 01, 2025 11:34 pm IST

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। यह मुलाकात यूक्रेन में लगभग चार साल से चल रहे युद्ध में संभावित युद्ध विराम के लिए मध्यस्थता करने के उद्देश्य से की गई कूटनीतिक गतिविधियों का हिस्सा है।

Volodymyr Zelensky and Emmanuel Macron- India TV Hindi
Image Source : AP वोलोदिमीर जेलेंस्की और इमैनुएल मैक्रों

पेरिस: रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध रोकने और इलाके में शांति स्थापित करने की पहल तेज हो चुकी है। इसी क्रम में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन (एलिसी पैलेस) में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। यह मुलाकात यूक्रेन में लगभग चार साल से चल रहे युद्ध में संभावित युद्ध विराम के लिए मध्यस्थता करने के उद्देश्य से की गई कूटनीतिक गतिविधियों का हिस्सा है।

फ्लोरिडा में यूक्रेनी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच बैठक

जेलेंस्की की पेरिस यात्रा पहले रविवार को फ्लोरिडा में यूक्रेनी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने लाभप्रद बताया था। आज पेरिस यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने अमेरिका द्वारा प्रस्तावित संघर्षविराम योजना में संशोधन पर विचार किया है। यह योजना अमेरिका एवं रूस ने आपस में बातचीत करके तैयार की है। लेकिन योजना की इस बात को लेकर आलोचना की जा रही है कि उसमें रूसी मांगों पर अधिक ध्यान दिया गया है। 

यूरोप ने अमेरिकी शांति योजना के प्रमुख सिद्धांतों का विरोध किया

योजना के मुखर आलोचक यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगी हैं, जिन्होंने अमेरिकी शांति प्रयासों का स्वागत तो किया, लेकिन योजना के प्रमुख सिद्धांतों का विरोध किया। सोमवार को ज़ेलेंस्की के साथ अपनी बैठक से पहले, मैक्रों के दफ्तर की ओर से कहा गया कि दोनों नेता ‘निष्पक्ष और स्थायी शांति’ की शर्तों पर चर्चा करेंगे। बाद में, मैक्रों के कार्यालय ने कहा कि उन्होंने और ज़ेलेंस्की ने ब्रिटेन, जर्मनी, पोलैंड, इटली, नॉर्वे, फ़िनलैंड, डेनमार्क एवं नीदरलैंड के नेताओं तथा अन्य यूरोपीय भागीदारों के साथ बातचीत की। वार्ता में यूरोपीय संघ के अधिकारी एंटोनियो कोस्टा और उर्सुला वॉन डेर लेयेन, और नाटो महासचिव मार्क रूट भी शामिल थे। मैक्रों के कार्यालय ने बताया कि मैक्रों और ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से भी फ़ोन पर बात की।

ट्रंप ने 28 सूत्री शांति रूपरेखा को नहीं दी तवज्जो

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 28 सूत्री शांति रूपरेखा को खास तवज्जो नहीं दी है, जिसके तहत यूक्रेन की सेना के आकार पर सीमाएं लगाई जातीं, देश को नाटो में शामिल होने से रोका जाता और यूक्रेन को अपना क्षेत्र छोड़ने के लिए बाध्य किया जाता। पिछले सप्ताह मैक्रों ने पश्चिमी सहयोगियों से आग्रह किया कि युद्ध विराम या शांति समझौता की स्थिति में यूक्रेन को ‘ठोस’ गारंटी मिलनी चाहिए। यूक्रेन के एक प्रमुख सहयोगी मैक्रों ने यूक्रेन का दृढ़तापूर्वक समर्थन किया है और अमेरिकी शांति योजना के उन तत्वों को संतुलित करने का प्रयास किया है, जो रूस के पक्ष में देखे जाते हैं। इस बीच, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने सोमवार को पुष्टि की कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मंगलवार दोपहर को अमेरिकी राष्ट्रपति के दूत विटकॉफ से मुलाकात करेंगे। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने सोमवार को चिंता जताई कि अमेरिका-रूस वार्ता के परिणामस्वरूप यूक्रेन को और अधिक रियायतें देनी पड़ सकती हैं, जैसे कि उस पर अपना क्षेत्र सौंपने का दबाव डालना। (इनपुट-भाषा)

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement