लालू यादव के बेटे और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव आए दिन सुर्खियों में बने हुए हैं। इस बीच तेज प्रताप यादव ने विकास वंचित इंसान पार्टी (वीवीआईपी) से गठबंधन कर लिया है। दरअसल इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बिहार का सियासी पारा बढ़ा हुआ है। ऐसे में तेज प्रताप यादव ने वीवीआईपी पार्टी के साथ गठबंधन करके सबको चौंका दिया है। इसे लेकर तेज प्रताप यादव ने कहा, 'वे (तेज प्रताप और प्रदीप निषाद) पुराने दोस्त हैं, जो हमारे साथ शामिल हुए हैं। एक दोस्त एक समर्थक बन रहा है। हमें एक साथ आगे बढ़ना होगा। अगर आरजेडी भी एक गठबंधन बनाना चाहता है तो वह कर सकती है।'
तेज प्रताप यादव ने प्रेस को किया संबोधित
बता दें कि तेज प्रताप यादव में मंगलवार को यह गठबंधन किया। उन्होंने इस दौरान पटना के एक होटल में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारे साथ कई पार्टियां जुड़ रही है। काफी चुनौती है लेकिन हम किसी के ऊपर टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। एक जनप्रतिनिधि को धरातल से जुड़कर जनता के सुख दुख में साथ होकर दायित्व निभाना चाहिए, वैसे ही हम आगे बढ़ रहे हैं। आगे की लड़ाई हम साथ लड़ेंगे। हमने महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का चुनावी बिगुल फूंका है। मैं राजद और कांग्रेस को भी हमारी टीम के साथ जुड़ने का न्यौता देता हूं।
वीआईपी को बताया बहरुपिया
तेज प्रताप यादव ने इस दौरान कहा कि हमारे सामने बहुत सारी चुनौती है। देश और बिहार की जनता ये जानती है कि मेरे साथ अन्याय हुआ है। महुआ सीट से हमने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। हमने महुआ के लिए बहुत काम किया है। हमलोग आगे बिहार के लिए लड़ाई लड़ेंगे। मेरे दुश्मन तो बहुत सारे लोग है। जब वो टीवी चैनल के माध्यम से ये सब सुनेंगे तो उन्हें बहुत बुरा लगेगा। तेजस्वी मेरा चैनल देख रहे होंगे। उनको हम आगे बढ़ने का आशीर्वाद देते हैं। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को बहरुपिया बताया है। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी ही असली पार्टी है। इनकी पकड़ निषाद भाइयों में अच्छी है।