Thursday, February 05, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Rohit Shetty House Firing Update: पुलिस ने पूरे मामले का किया पर्दाफाश, गिरफ्तार हुए 5 आरोपी

Rohit Shetty House Firing Update: पुलिस ने पूरे मामले का किया पर्दाफाश, गिरफ्तार हुए 5 आरोपी

रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुए फायरिंग मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तारी कर ली है। साथ ही इस ममले की जांच की जा रही है।

Reported By : Saket Rai Edited By : Shyamoo Pathak Published : Feb 05, 2026 07:43 pm IST, Updated : Feb 05, 2026 07:43 pm IST
Rohit Shetty- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM@ROHITSHETTY रोहित शेट्टी

मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश की परतें खुलती जा रही हैं। मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल और मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे एक सुनियोजित प्लान था, जिसमें पुणे से लेकर मुंबई तक पूरा नेटवर्क सक्रिय था। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में स्वप्निल बंडू सकट (23), समर्थ शिवशरण पोमाजी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (19), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19) और हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी आसाराम श्रीरंग फासले उर्फ बाबू (42) शामिल है। सभी आरोपी पुणे के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।

क्या है पूरा मामला?

31 जनवरी की रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित शेट्टी टॉवर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तड़के करीब 12:45 बजे एक अनजान शख्स ने बिल्डिंग की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उस समय रोहित शेट्टी घर में ही मौजूद थे। फायरिंग की आवाज सुनते ही उनके निजी सुरक्षा गार्ड और मौके पर तैनात पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि काले जैकेट और सफेद पैंट पहने आरोपी ने पिस्टल से लगातार 5 राउंड फायरिंग की और फिर स्कूटर से फरार हो गया। घटना के बाद जुहू पुलिस ने केस दर्ज किया, जिसे बाद में जांच के लिए AEC सेल को सौंप दिया गया।

स्कूटर, हथियार और डिजिटल सबूत

जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा डियो स्कूटर पुणे से लाई गई थी। पुलिस ने यह स्कूटर बाद में विले पार्ले इलाके से लावारिस हालत में बरामद की। मौके से फॉरेंसिक टीम ने पांच खाली कारतूस और कांच के टुकड़े भी जब्त किए। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन मैगजीन, एक एयरगन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले आपसी बातचीत के लिए Signal ऐप का इस्तेमाल किया था और बाद में सबूत मिटाने के लिए चैट डिलीट कर दी।

शुभम लोनकर मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे हमले की साजिश फरार आरोपी शुभम रामेश्वर लोणकर के इशारे पर रची गई थी। वही शूटर को स्कूटर, हथियार और पैसों की व्यवस्था करवा रहा था। पुलिस के मुताबिक, शुभम लोणकर और फायरिंग करने वाला शूटर अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी स्वप्निल सकट के घर से बरामद हथियार आरोपी आसाराम फासले ने शुभम लोणकर के कहने पर सप्लाई किए थे। इसी आधार पर आसाराम को 5 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।

सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई थी। इस आधार पर पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों की कस्टडी मांगी है। अपराध में गिरफ्तार आरोपी क्रमांक 01 से 04 को नीचे उल्लिखित कारणों के आधार पर शेष संपूर्ण पुलिस हिरासत रिमांड बढ़ाकर दिए जाने तथा गिरफ्तार आरोपी क्रमांक 05 को 10 दिनों की पुलिस हिरासत दिए जाने की विनती की जाती है। 

1) अपराध की जांच में गिरफ्तार आरोपी क्रमांक 01 के पास से पंचनामा के अंतर्गत 01 पिस्टल, 03 मैगजीन एवं 01 एयर गन जब्त की गई है। इनमें से 01 पिस्टल और 03 मैगजीन अपराध में वांछित आरोपी शुभम रामेश्वर लोणकर के निर्देश पर, अपराध घटित होने से पूर्व गिरफ्तार आरोपी क्रमांक 05 द्वारा आरोपी क्रमांक 01 स्वप्निल सकट को हस्तांतरित किए जाने का खुलासा जांच में हुआ है। उक्त हथियारों का इस अपराध में या किसी अन्य अपराध में उपयोग हुआ है या नहीं, इस संबंध में जांच कर साक्ष्य प्राप्त करना आवश्यक है।

2) अपराध स्थल पर अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हुआ अज्ञात वांछित आरोपी तथा उक्त अपराध की साजिश का मुख्य वांछित आरोपी शुभम रामेश्वर लोणकर अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं और उनकी वर्तमान स्थिति के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए पूर्व में गिरफ्तार आरोपी क्रमांक 01 से 04 तथा दिनांक 05/02/2026 को नए गिरफ्तार आरोपी से संयुक्त रूप से पूछताछ कर वांछित आरोपियों की तलाश करना आवश्यक है।

3) जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने वांछित आरोपी शुभम रामेश्वर लोणकर के निर्देश पर अपराध की साजिश को अंजाम देने के लिए, घटना स्थल पर फायरिंग कर फरार हुए वांछित आरोपी को अपराध से पहले 01 मोटर स्कूटर उपलब्ध कराया था। इस संदर्भ में आरोपी क्रमांक 01 से 05 से संयुक्त रूप से पूछताछ कर साक्ष्य प्राप्त करना आवश्यक है।

4) जांच में यह सामने आया है कि अपराध के लिए वांछित आरोपी शुभम लोणकर द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इस आर्थिक सहायता से अपराध में प्रयुक्त मोटर स्कूटर एवं अन्य वस्तुओं की खरीद किए जाने के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। यह जांच आवश्यक है कि आरोपी क्रमांक 01 से 05 को आर्थिक सहायता किन माध्यमों से प्राप्त हुई तथा उस राशि का उपयोग किस प्रकार अपराध की साजिश को अंजाम देने में किया गया। संबंधित बैंक खातों का विवरण प्राप्त कर अपराध से जुड़े आर्थिक लेन-देन के साक्ष्य एकत्र करना आवश्यक है।

5) जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपराध के संबंध में वांछित आरोपी शुभम लोणकर से संपर्क के लिए सिग्नल ऐप का उपयोग किया था। कुछ आरोपियों ने अपने विरुद्ध साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से सिग्नल ऐप डिलीट कर दिया। आरोपी क्रमांक 05 को दिनांक 05/02/2026 को गिरफ्तार किया गया है, अतः उसकी उपस्थिति में जब्त मोबाइल की जांच कर पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ सिग्नल ऐप के माध्यम से हुए संपर्क के संबंध में जांच कर साक्ष्य प्राप्त करना आवश्यक है।

6) अपराध स्थल पर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने संबंधी प्रसारित पोस्ट जांच में जब्त की गई है। उक्त पोस्ट में अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े अपराधियों के नामों का उल्लेख किया गया है। इस संबंध में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह जांच करना आवश्यक है कि पोस्ट में उल्लिखित आरोपियों की इस अपराध में कोई भूमिका है या नहीं।

7) जांच में यह निष्पन्न हुआ है कि आरोपी क्रमांक 05 ने अपराध से पूर्व आरोपी क्रमांक 01 को हथियारों की आपूर्ति की थी। इसके लिए यदि उसे आर्थिक सहायता प्राप्त हुई हो तो उसका विवरण प्राप्त करना, साथ ही ये हथियार किससे प्राप्त किए गए तथा अन्य हथियारों का पता लगाना आवश्यक है। इस संबंध में विस्तृत जांच कर साक्ष्य एकत्र करना आवश्यक है।

8) आरोपी क्रमांक 01 से 05 से पूछताछ कर यह जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है कि इस अपराध में अब तक सामने आए वांछित आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।

9) अपराध की अवधि के दौरान आरोपी क्रमांक 01 से 05 द्वारा एक-दूसरे से संपर्क के लिए उपयोग किए गए मोबाइल फोनों का तकनीकी विश्लेषण कर प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की जांच कर साक्ष्य एकत्र करना आवश्यक है।

Latest Bollywood News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन

Advertisement
Advertisement
Advertisement