1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PNB महाघोटाले में पहली गिरफ्तारी, पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी गिरफ्तार

PNB महाघोटाले में पहली गिरफ्तारी, पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी गिरफ्तार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 17, 2018 12:32 pm IST,  Updated : Feb 17, 2018 12:32 pm IST

शेट्टी ने बिना गारंटी लोन दिए जिसके बाद बैंकिंग सिस्टम पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। शेट्टी पिछले साल मई में पंजाब नेशनल बैंक से डिप्टी मैनेजर के पद से रिटायर हुआ था।

PNB-Scam-Key-Accused-Gokulnath-Shetty-two-others-arrested-from-Mumbai- India TV Hindi
PNB महाघोटाले में पहली गिरफ्तारी, पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी गिरफ्तार

नई दिल्ली: पीएनबी महाघोटाले में पहली गिरफ्तारी हुई है। पंजाब नैशनल बैंक के पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी को गिरफ्तार किया गया है। गोकुलनाथ शेट्टी समेत दो और लोगों मनोज करात और हेमंत भट्ट को भी गिरफ्तार किया गया है। शेट्टी पर बिना गारंटी कर्ज देने का आरोप है। जांच एजेंसियों को पीएनबी पर शक गहरा गया है कि बिना गारंटी इतनी बड़ी रकम कैसे दी गई। नीरव मोदी के बाद गोकुलनाथ शेट्टी का ही नाम बैंकिंग इतिहास के इस सबसे बड़े घोटाले में सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया था। शेट्टी ने बिना गारंटी लोन दिए जिसके बाद बैंकिंग सिस्टम पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। शेट्टी पिछले साल मई में पंजाब नेशनल बैंक से डिप्टी मैनेजर के पद से रिटायर हुआ था। एफआईआर में दिए शेट्टी के पते के मुताबिक मुंबई के बोरीवली में रहता था।

बता दें कि पीएनबी के एलओयू यानी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग के जरिए गीतांजलि जेम्स ने 2 हजार 1 सौ 44 करोड़ 37 लाख रुपए, जिली इंडिया लिमिटेड ने 5 सौ 66 करोड़ 65 लाख रुपए और नक्षत्र ब्रैंड्स लिमिटेड ने 321 करोड़ 10 लाख रुपए निकाले। यानी कुल मिलाकर मेहुल चौकसी की कंपनियों ने 3 हजार 32 करोड़ 12 लाख रुपए बैंक से निकाल लिए। लेटर ऑफ अंडरटेकिंग के जरिए ये निकासी इतनी बार हुई कि आप जानकर हैरान रह जाएंगे। इससे कुल 143 बार निकासी की गई। मेहुल चौकसी की कंपनियां बिना रोक-टोक पैसे निकालती रहीं और बिना पुराना भुगतान हुए लगातार हो रही नई निकासी पर बैंक के किसी अफसर ने ब्रेक नहीं लगाया।

ये तो सिर्फ एलओयू का मामला था। अब पंजाब नेशनल बैंक से जारी लेटर ऑफ क्रेडिट के जरिए हुई लूट का हिसाब-किताब भी देख लीजिए। एलसी के जरिए गीतांजलि जेम्स ने 5 सौ 75 करोड़ 11 लाख रुपए, जिली इंडिया लिमिटेड ने 6 सौ 25 करोड़ 40 लाख रुपए और नक्षत्र ब्रैंड्स लिमिटेड ने 5 सौ 98 करोड़ 85 लाख रुपए निकाले। इस तरह लेटर ऑफ क्रेडिट के जरिए निकाली गई कुल रकम 1 हजार 8 सौ 54 करोड़ 60 लाख रुपए थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत