पहलगाम: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। आतंकियों ने गोली मारने से पहले पुरुषों की पैंट उतरवाई और उनके प्राइवेट पार्ट चेक किए। आतंकियों ने लोगों से कलमा भी पढ़वाया।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। इन 26 लोगों में 25 पर्यटक हैं और एक स्थानीय नागरिक है। मरने वालों में भारतीय मूल के 2 विदेशी नागरिकों की भी जान गई है। आतंकियों ने पर्यटकों पर 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग की है। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से श्रीनगर पहुंचे हैं। इस आतंकी हमले को लेकर पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर भी बात की है।
दोपहर 2.30 बजे 2-3 की संख्या में आतंकी पहुंचे और उन्होंने सैलानियों के आइडेंटिटी कार्ड देखना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस मौके पर एक सेना अधिकारी भी मौजूद था, जो अपने साथ परिवार को लेकर यहां घूमने आया था। उसने वहां मौजूद लोगों को बचाया और आड़ ली। आतंकवादियों ने लोगों से नाम पूछकर उनकी गोली मारकर हत्या की।
ये पूरी घटना जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसराणा में घटी। इस आतंकी हमले से देशभर में हड़कंप मच गया है और पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत देश के तमाम बड़े नेताओं ने इस घटना की निंदा की है।
पहलगाम आतंकी हमले का असर दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब द्वारा आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भाग नहीं लिया है और अपनी यात्रा को छोटा करने का फैसला किया है। वे आज रात भारत के लिए रवाना होंगे और बुधवार सुबह पहुंचेंगे। पहले उनका बुधवार रात को वापस लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वे बुधवार सुबह जल्दी भारत पहुंचेंगे।
संपादक की पसंद