1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अजित पवार के बेटे को Y+ सुरक्षा, कांग्रेस ने कसा तंज- वो देश दुनिया में सबसे प्रसिद्ध व्यक्ति हैं, ऐसे नेता को...

अजित पवार के बेटे को Y+ सुरक्षा, कांग्रेस ने कसा तंज- वो देश दुनिया में सबसे प्रसिद्ध व्यक्ति हैं, ऐसे नेता को...

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Apr 24, 2024 02:26 pm IST,  Updated : Apr 24, 2024 02:27 pm IST

अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार को वाई-श्रेणी (Y+ Category) की सुरक्षा दी गई है। जिस पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि वो देश में कहीं भी जाते हैं तो लाखो लोगों की भीड़ आती हैं, ऐसे नेता को Y+ सुरक्षा देना अपमान है।

parth pawar ajit pawar- India TV Hindi
पार्थ पवार और अजित पवार Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार और बारामती लोकसभा सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रत्याशी सुनेत्रा पवार को ‘वाई-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है, इस पर अब राजनीति हो रही है। कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए तंज कसा है। महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा है कि देश दुनिया में जो सबसे प्रसिद्ध व्यक्ति हैं वो पार्थ पवार हैं। वो देश में कहीं भी जाते हैं तो लाखों लोगों की भीड़ आती हैं, ऐसे नेता को Y+ सुरक्षा देना अपमान है। वडेट्टीवार ने कहा, पार्थ पवार को केंद्र सरकार की सुरक्षा देना चाहिए, वो विश्व के नेता होंगे। उनको ये सुरक्षा देना सरकार का काम है।

2019 में मावल सीट से चुनाव हारे थे पार्थ पवार

बता दें कि अविभाजित शिवसेना के निवर्तमान सांसद श्रीरंग बारणे के खिलाफ 2019 में मावल लोकसभा सीट से पार्थ ने चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। पार्थ अपनी मां सुनेत्रा के लिए सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया था कि वाई-प्लस सुरक्षा दायरा प्रदान करने का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया गया है। राकांपा के एक स्थानीय पदाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर पार्थ को यह ‘वाई-प्लस’ सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा, “पार्थ पवार अपनी मां के लिए चुनाव प्रचार के तहत लोगों से संपर्क कर रहे हैं। वह एक आक्रामक नेता हैं और दूरदराज के इलाकों में घूमने के कारण उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं थीं।”

'पार्थ को सुरक्षा देने के लिए दो टैंक तैनात किए जाने चाहिए'

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए राकांपा (शरदचंद्र पवार) के रोहित पवार ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस राजनीतिक नेताओं के बच्चों, विधायकों और अभिनेताओं को सुरक्षा प्रदान करने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जबकि असामाजिक तत्वों से उत्पीड़न का सामना करने वाले आम आदमी की सुरक्षा चिंताओं की उपेक्षा कर रहे हैं। पार्थ और रोहित पवार रिश्तेदार हैं। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि पार्थ को सुरक्षा देने के लिए दो टैंक तैनात किए जाने चाहिए।

वाई-प्लस सुरक्षा कवर सुरक्षा का चौथा उच्चतम स्तर है जिसमें आम तौर पर एक या दो कमांडो के साथ 11 सदस्यीय दल शामिल होता है।

यह भी पढ़ें-

उद्धव के 'नीच' वाले बयान पर CM शिंदे ने दिया तगड़ा जवाब, बोले- जिस समाज से मैं आता हूं...

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।