चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने बठिंडा में रेस्टोरेंट मालिक की हत्या के मामले में बुधवार को बलटाना में एक एनकाउंटर के बाद मेन शूटर सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनकाउंटर के दौरान एक डीएसपी और मुख्य आरोपी घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर जनरल (रोपड़ रेंज) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने SSP संदीप गर्ग के साथ मीडिया को बताया कि शूटर की पहचान लवजीत सिंह, जबकि उसके दो साथी परमजीत सिंह और कमलजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मनसा के निवासी हैं।
Related Stories
होटल में छिपे हुए थे बठिंडा हत्याकांड के आरोपी
पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से 30 बोर की 2 पिस्तौलें और कारतूस भी बरामद किए हैं। बता दें कि दुकान मालिक हरजिंदर सिंह उर्फ मेला की शनिवार को उस समय 2 लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपनी दुकान के बाहर बैठे थे। बठिंडा में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और 120-B और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया था। IGP भुल्लर ने एनकाउंटर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बठिंडा हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के बलटाना के एक होटल में छिपे होने की जानकारी मिली थी।
एनकाउंटर के दौरान घायल हुए DSP पवन कुमार
IGP ने कहा कि आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) मोहाली की पुलिस ने जिला एसएएस नगर पुलिस के साथ मिलकर पीछा किया और होटल ग्रैंड विस्टा में उनका पता लगाने में कामयाब रहे। पुलिस ने इसके बाद होटल की घेराबंदी की। जब आरोपियों ने खुद को पुलिस से घिरा देखा तो उन पर फायरिंग कर दी जिसमें पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे DSP पवन कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी लवजीत सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल DSP पवन कुमार और आरोपी लवजीत को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (IANS)