1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. फटे कपड़ो में ट्रेन में भीख मांगते पकड़े गए 3 बदमाश, हिस्ट्रीशीटर डेनिश बावरिया हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता

फटे कपड़ो में ट्रेन में भीख मांगते पकड़े गए 3 बदमाश, हिस्ट्रीशीटर डेनिश बावरिया हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता

 Published : Nov 29, 2025 07:30 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 08:23 pm IST

फरारी के दौरान आरोपी ट्रेन से नीचे उतरने से भी डरते थे। उन्होंने अपने परिचितों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कई बार 2-2 दिन तक भूखे रहने की नौबत आ गई। अंत में मजबूरी में फटे कपड़े पहनकर भीख मांगकर गुजारा किया।

पुलिस ने 50-50 हजार के तीन...- India TV Hindi
पुलिस ने 50-50 हजार के तीन इनामी बदमाशों को पकड़ा। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चर्चित डेनिश बावरिया (हिस्ट्रीशीटर) हत्याकांड में झुंझुनूं पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 50–50 हजार रुपये के इनामी तीन मुख्य आरोपी- हितेश मील, प्रशांत उर्फ पोखर और अजय उर्फ संदीप जाट को धर-दबोचा है। ये तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए ट्रेनों के जनरल डिब्बों में फटे कपड़े पहनकर भीख मांगते हुए फरारी काट रहे थे। इस प्रकरण में पुलिस अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं।

कैसे चढ़े पुलिस के हत्थे?

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी ट्रेनों में भीख मांगकर पेट भर रहे हैं और सचखंड एक्सप्रेस में आगरा की ओर आ रहे हैं। सूचना पुख्ता होने पर पुलिस टीम धौलपुर जंक्शन पहुंची और वहां सचखंड एक्सप्रेस के जनरल डिब्बों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों आरोपी यात्रियों से भीख मांगते हुए मिले और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।

फरारी के दौरान आरोपी ट्रेन से नीचे उतरने से भी डरते थे। उन्होंने अपने परिचितों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कई बार 2-2 दिन तक भूखे रहने की नौबत आ गई। अंत में मजबूरी में फटे कपड़े पहनकर भीख मांगकर गुजारा किया। पुलिस की दबिशों ने इनके सभी ठिकाने ध्वस्त कर दिए थे।

पुलिस अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं।
Image Source : REPORTER INPUTपुलिस अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं।

घटना का विवरण-

  • 20 अक्टूबर 2025 को डेनिश उर्फ नरेश व उसके साथियों पर चूरू बाईपास पर 3 कैंपर गाड़ियों में सवार होकर आरोपियों ने हमला कर दिया था।
  • इस दौरान आरोपियों ने स्कॉर्पियो को टक्कर मारी और लोहे की पाइपों से हमला कर दिया। डेनिश बावरिया का अपहरण कर रसूड़ा गांव ले गए।
  • मारपीट कर 3 लाख रुपये और सोने के जेवर लूटे इलाज के दौरान घायल डेनिश की 21 अक्टूबर को मौत हो गई थी। इस पर मामला हत्या में परिवर्तित हो गया।

पहले से गिरफ्तार आरोपी

हत्याकांड में पूर्व में 9 मुल्जिम- कपिल कस्वां, राहुल उर्फ राज, अजय उर्फ अज्जू, ताराचंद उर्फ टीसी, पंकज, जितेंद्र उर्फ जोनी, आदित्य मीणा उर्फ बुलिया, योगेंद्र उर्फ विक्की, संदीप उर्फ छोटू गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

झुंझुनूं में चारों ओर बिछ गई 60 से ज्यादा भेड़ों की लाशें, बाड़े में दिखा भयानक दृश्य

लव जिहाद: पहले से शादीशुदा मुस्लिम युवक ने धर्म छिपाकर हिंदू छात्रा से भी शादी की, जब राज खुला तो उड़ गए सभी के होश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।