अजमेर: राजस्थान के अजमेर में लगा अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला अपने यहां आने वाले जानवरों की वजह से चर्चा में है। यहां युवराज नाम का एक भैंसा सबका ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। इस भैंसे की कीमत 800 किलो है।
भैंसे के मालिक ने क्या बताया?
भैंसे के मालिक भरत कुमार कहते हैं, "यह मुर्रा नस्ल का भैंसा है। इसका वजन लगभग 800 किलो है। इस भैंसे के लिए मेले में लोग पहले ही 25 लाख रुपये की बोली लगा चुके हैं, लेकिन हमारी मांग 35 लाख रुपये की है।"
पुष्कर मेले से कई जानवर हुए फेमस
हालही में पुष्कर पशु मेले में ऊंची कीमतों के घोड़े चर्चा में आए थे। यहां चंडीगढ़ से शाहबाज नाम का एक घोड़ा आया था, जिसकी कीमत 15 करोड़ रुपए है। इसकी उम्र तो 2.5 साल ही है लेकिन इसने अब तक तमाम शो जीते हैं।
घोड़े के मालिक गैरी गिल ने बताया था कि इस घोड़े की कीमत 9 करोड़ तक लगाई जा चुकी है लेकिन वह 15 करोड़ से कम में इस घोड़े को नहीं बेचेंगे। इस घोड़े की कवरिंग फीस ही 2 लाख रुपए है।
इससे पहले इसी मेले से नगीना नाम की घोड़ी भी फेमस हुई थी। इसकी कीमत एक करोड़ रुपए बताई गई थी। ये घोड़ी मेले में भटिंडा (पंजाब) से आई थी। नगीना नाम की ये घोड़ी पंजाब के अंतराष्ट्रीय अश्व शो में पांच बार विजेता रह चुकी है। इसकी ऊंचाई 63.5 इंच है।
नगीना के मालिक ने बताया कि वह 31 महीने की है और उसकी कीमत 55 लाख रुपए लग चुकी है लेकिन वह इसे एक करोड़ से कम में नहीं बेचेंगे। इस घोड़ी के मालिक का नाम गौरावाई है। नगीना के पिता का नाम दिलबाग और दादा का नाम काला कांटा है। गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला राजस्थान के अजमेर में लगा हुआ है।


