1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मृति मंधाना ने WPL फाइनल में रचा इतिहास, अर्धशतक लगाकर किया बड़ा कारनामा

स्मृति मंधाना ने WPL फाइनल में रचा इतिहास, अर्धशतक लगाकर किया बड़ा कारनामा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Feb 06, 2026 06:53 am IST,  Updated : Feb 06, 2026 07:05 am IST

स्मृति मंधाना ने WPL 2026 के फाइनल में मात्र 41 गेंदों में 87 रनों की तूफानी पारी खेलकर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे अब WPL के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बैटर बन गई हैं।

Smriti Mandhana- India TV Hindi
स्मृति मंधाना Image Source : PTI

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का फाइनल 5 फरवरी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मैच में RCB ने दिल्ली को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में RCB की जीत में स्मृति मंधाना ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए 2026 के फाइनल में मात्र 41 गेंदों में 87 रनों की तूफानी पारी खेलकर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसके साथ ही वह अब WPL के किसी भी फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।

दूसरे नंबर पर RCB की स्टार बल्लेबाज का नाम मौजूद

इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भी RCB की स्टार बल्लेबाज जॉर्जिया वोल का नाम है। वोल ने इसी मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 79 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। मंधाना और वोल ने इस मैच में न केवल व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाए, बल्कि फाइनल के दबाव में भी बल्लेबाजी का बेहतरीन नमूना पेश किया। इससे पहले WPL फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम था, उन्होंने 2025 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में 66 रनों की पारी खेली थी। लेकिन अब वह इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं।

जेमिमा ने भी टॉप-5 में बनाई अपनी जगह

स्टार प्लेयर्स की इस लिस्ट में चौथे स्थान पर मुंबई इंडियंस की स्टार बल्लेबाज नेट सीवर-ब्रंट का नाम है। उन्होंने 2023 के पहले WPL फाइनल में 55 गेंदों पर नाबाद 60 रनों की शानदार मैच विनिंग पारी खेलकर अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, पांचवें स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज का नाम जुड़ गया है। जेमिमा ने 2026 के फाइनल में 37 गेंदों में 57 रनों की पारी खेलकर इस लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया। इस शानदार पारी के बावजूद उनकी टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।

WPL फाइनल के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

  • स्मृति मंधाना (RCBW): 87 रन (41 गेंद), 2026
  • जॉर्जिया वोल (RCBW): 79 रन (54 गेंद), 2026
  • हरमनप्रीत कौर (MI): 66 रन (44 गेंद), 2025
  • नेट सीवर-ब्रंट (MI): 60* रन (55 गेंद), 2023
  • जेमिमा रोड्रिग्स (DCW): 57 रन (37 गेंद), 2026

दिल्ली कैपिटल्स को चौथी बार मिली फाइनल में हार

WPL 2026 फाइनल मैच की बात करें तो वहां दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए थे। RCB की टीम ने इस टारगेट को 19.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया है। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम को लगातार चौथी बार WPL के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक WPL के सभी सीजन में फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है, लेकिन एक भी बार खिताब नहीं जीत पाई है।

यह भी पढ़ें

RCB ने दूसरी बार जीता WPL का खिताब, फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया ऐतिहासिक रन चेज

WPL और IPL के बीच बना पहली बार ये संयोग, RCB के विजेता बनते ही हुआ ये अद्भुत कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल