1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश के इस राज्य के स्कूलों में पूरी तरह बैन होगा मोबाइल फोन, CM ने बताया कब से लागू होगा प्रतिबंध

देश के इस राज्य के स्कूलों में पूरी तरह बैन होगा मोबाइल फोन, CM ने बताया कब से लागू होगा प्रतिबंध

 Published : Feb 05, 2026 11:04 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 11:51 pm IST

मुख्यमंत्री ने 1 मार्च 2026 से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छात्रों के मोबाइल फोन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगेगा। इस नियम तोड़ने पर 500 रुपये जुर्माना लगेगा, फोन जब्त होगा और अभिभावकों की काउंसलिंग की जाएगी।

Himachal Pradesh mobile ban schools, school mobile phone ban India- India TV Hindi
हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूलों में 1 मार्च से मोबाइल फोन पर पूरी तरह बैन लगा दिया है। Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को घोषणा की कि राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छात्रों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी जाएगी। यह प्रतिबंध 1 मार्च 2026 से लागू होगा। यह ऐलान बिलासपुर जिले के घुमारविन में 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों (अंडर-19 गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट) के समापन समारोह के दौरान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इंटरनेशनल लेवल पर मुकाबला करने लायक विश्व स्तरीय शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

'मोबाइल फोन होगा जब्त, लगेगा जुर्माना'

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सख्त नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि अगर किसी छात्र के पास मोबाइल फोन पाया गया तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगेगा और फोन जब्त कर लिया जाएगा। इसके अलावा, माता-पिता को स्कूल में अनिवार्य काउंसलिंग सेशन में हिस्सा लेना होगा। लंबे समय तक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग को एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SoP) तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि बार-बार उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो सके।

फोन के इस्तेमाल पर सीएम ने कही ये बात

मुख्यमंत्री ने कहा, 'यह देखा गया है कि लंच ब्रेक और स्कूल के समय में मोबाइल फोन का इस्तेमाल छात्रों को पढ़ाई से भटकाता है और उनकी आपसी बातचीत व व्यक्तिगत विकास में बाधा डालता है।' सरकारी स्कूल से पढ़ाई करने वाले अपने अनुभव का जिक्र करते हुए सुक्खू ने शिक्षा की गुणवत्ता को प्राथमिकता देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खेल और खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की राज्य की कोशिशों पर भी जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि एशियाई खेलों में हिस्सा ले चुकी हिमाचल प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के अवसर दिए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश की टीम ने जीता टूर्नामेंट

हिमाचल प्रदेश टीम द्वारा राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप में जीत हासिल करने पर उन्होंने 20 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमारविन में इनडोर स्टेडियम और स्थानीय स्कूल भवन का काम अगले एक साल में तेजी से पूरा किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने मोरसिंगी में नया लड़कियों का हॉस्टल बनवाने की भी घोषणा की। 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का समापन हिमाचल प्रदेश टीम की गोल्ड मेडल जीत के साथ हुआ। फाइनल में हिमाचल ने राजस्थान को हराया, जबकि हरियाणा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस टूर्नामेंट में देशभर से 30 टीमें शामिल हुई थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत