दुबई| कोलकाता नाइट राइडर्स ने बुधवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल-13 के मैच में राजस्थान रॉयल्स को 37 रनों से हरा दिया। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान के सामने 175 रनों का लक्ष्य रखा था। राजस्थान का बल्लेबाजी क्रम इस मैच में विफल हो गया और टीम पूरे ओवर खेल नौ विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। राजस्थान के लिए टॉम कुरैन ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए जिसके लिए उन्होंने 36 गेंदें खेली। अपनी पारी में कुरैन ने दो चौके और तीन छक्के लगाए।
कोलकाता ने शुभमन गिल और इयोन मोर्गन की पारियों की मदद से 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 174 रन बनाए थे। गिल ने 34 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का मार 47 रन बनाए। मोर्गन ने 23 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और दो छक्के शामिल रहे। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए। ( इनपुट - आईएएनएस )
दोनों टीमें
राजस्थान- जोस बटलर (विकेटकीपर), स्टीवन स्मिथ (कप्तान), संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, टॉम कुरेन, श्रेयस गोपाल, अंकित राजपूत, जयदेव उनादकट।
केकेआर- शुभमन गिल, सुनील नरेन, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर / कप्तान), इयोन मोर्गन, आंद्रे रसेल, पैट कमिंस, शिवम मावी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, कमलेश नागरकोटी।
RR 137/9 (20)
KKR 174/6 (20)