Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को रोडवेज बस ने कुचला, सामने आया VIDEO, जान बचाने के लिए काटना पड़ा पैर

यूपी: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को रोडवेज बस ने कुचला, सामने आया VIDEO, जान बचाने के लिए काटना पड़ा पैर

Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
Published : Feb 10, 2026 05:37 pm IST, Updated : Feb 10, 2026 05:37 pm IST

यूपी के प्रतापगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को एक रोडवेज बस ने कुचल दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

Pratapgarh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रतापगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को एक रोडवेज बस ने कुचला

प्रतापगढ़: यूपी के प्रतापगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को एक रोडवेज बस ने कुचल दिया। इस घटना में महिला बुरी तरह घायल हो गई। हालात ये हो गए कि महिला की जान बचाने के लिए उसका पैर काटना पड़ा। 

बस द्वारा महिला को कुचलने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बस पहले महिला को टक्कर मारती है और फिर उसके पैर को कुचलते हुए भागने की कोशिश करती है। घटना को अंजाम देने के बाद बस ड्राइवर भी मौके से फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर आप भी सिहर उठेंगे। यहां एक बेकाबू रोडवेज बस की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। सुबह की सैर पर निकली एक महिला को रॉन्ग साइड से आ रही बस ने न सिर्फ टक्कर मारी, बल्कि उन्हें कुचलते हुए ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। ​मामला नगर कोतवाली के चौक घंटाघर का है, जहां 55 वर्षीया मीनू खंडेलवाल को रोडवेज बस ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस हादसे ने महिला को उम्र भर का जख्म दे दिया है। उनकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उनका एक पैर काटना पड़ा। 


सीसीटीवी में कैद वीडियो एक आम इंसान को विचलित कर सकता है, लेकिन ये उस सिस्टम की पोल खोल रहा है, जहां सड़कों पर नियम सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। प्रतापगढ़ के सबसे व्यस्त इलाके चौक घंटाघर में सोमवार को जब लोग अपनी दिनचर्या में मशगूल थे, तभी रॉन्ग साइड से आती काल बनी रोडवेज बस ने मॉर्निंग वॉक पर निकली मीनू खंडेलवाल को पीछे से रौंद दिया। 

हादसा इतना भीषण था कि मीनू बस के पहियों के नीचे तड़पती रहीं, लेकिन ड्राइवर ने इंसानियत दिखाने के बजाय बस की रफ्तार बढ़ाई और भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें प्रयागराज के अलका हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी जान तो बचा ली, लेकिन उस 'पैर' को नहीं बचा सके जो इस हादसे में कुचल चुका था। मीनू खंडेलवाल का दाहिना पैर जांघ से काटना पड़ा और उनकी कमर की हड्डी भी टूट गई है।

स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश

इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी और मीनू के बेटे तुषार ने डीएम और एसपी से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि दोषी ड्राइवर पर ऐसी सख्त कार्रवाई हो, जो नजीर बन सके। पुलिस ने बस को तो कब्जे में ले लिया है, लेकिन सवाल वही है कि आखिर इन बेखौफ ड्राइवरों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता कब तक भुगतेगी? (रिपोर्ट: प्रतापगढ़ से बृजेश मिश्रा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement