1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अफगानिस्तान: किडनैप किए गए 7 भारतीय इंजीनियरों को छुड़ाने की कोशिशें हुईं तेज

अफगानिस्तान: किडनैप किए गए 7 भारतीय इंजीनियरों को छुड़ाने की कोशिशें हुईं तेज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 07, 2018 04:03 pm IST,  Updated : May 07, 2018 04:03 pm IST

अफगानिस्तान में तालिबान द्वारा किडनैप किए गए 7 भारतीय इंजीनियरों को छुड़ाने के लिए कोशिशें तेज हो गई हैं...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

काबुल: अफगानिस्तान में तालिबान द्वारा किडनैप किए गए 7 भारतीय इंजीनियरों को छुड़ाने के लिए कोशिशें तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान में सुरक्षा अधिकारी अपहृत किए गए भारतीय इंजीनियरों की रिहाई के लिए स्थानीय कबायली सरदारों के साथ काम कर रहे हैं। सातों भारतीय इंजीनियरों का रविवार को तालिबान के बंदूकधारियों ने अशांत उत्तरी बगलान प्रांत में अपहरण कर लिया था। प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता जबीउल्ला शूजा ने बताया कि RPG समूह की कंपनी KEC इंटरनेशनल के भारतीय इंजीनियर एक बिजली उप केंद्र के निर्माण की परियोजना पर काम कर रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सातों इंजीनियर रविवार को कार्य की प्रगति का जायजा लेने जा रहे थे। चश्मा-ए-शीर इलाके में उग्रवादियों ने उनका अपहरण कर लिया। शूजा ने बताया कि इंजीनियरों को ले जा रहा उनका अफगान वाहन चालक भी लापता है। इन लोगों की रिहाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्रांत में सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अपहृत भारतीय इंजीनियरों की रिहाई के लिए अफगान बल, सरकारी अधिकारी और स्थानीय कबायली सरदार प्रयास कर रहे हैं। प्रांतीय गवर्नर अब्दुल नेमती ने बताया कि सुरक्षा बल और स्थानीय अधिकारी लापता इंजीनियरों और उनके वाहन चालक का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि लापता भारतीय इंजीनियरों और उनके वाहन चालक को शीघ्र ही रिहा कर दिया जाएगा।

बगलान के गवर्नर ने कल कहा था कि आतंकी समूह ने भारतीय इंजीनियरों और उनके वाहन चालक का यह सोच कर अपहरण किया कि वे सरकारी कर्मचारी हैं। अभी तक किसी भी समूह ने अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा था कि वह अफगानिस्तान में प्राधिकारियों से संपर्क बनाए हुए है। वर्ष 2016 में काबुल में 40 वर्षीय भारतीय राहत कर्मी जुडिथ डिसूजा का अपहरण कर लिया गया था। उसे 40 दिन बाद रिहा किया गया था। भारत ने युद्ध से जर्जर अफगानिस्तान को आर्थिक विकास के लिए कम से कम 2 अरब डॉलर की सहायता मुहैया कराई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश