1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र सरकार ने माफ किया किसानों का कर्ज, किसानों ने आंदोलन वापस लिया

महाराष्ट्र सरकार ने माफ किया किसानों का कर्ज, किसानों ने आंदोलन वापस लिया

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 11, 2017 07:22 pm IST,  Updated : Jun 11, 2017 07:23 pm IST

महाराष्ट्र सरकार की ओर से आज किसानों की ऋण माफी की और इसके लिए मानदंड तय करने हेतु एक समिति गठित करने की घोषणा होने के बाद कृषकों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। राजस्व मंत्री चन्द्रकांत पाटिल ने कहा, सरकार ने किसानों का ऋण माफ करने का निर्णय किया है। स

devendra fadnavis- India TV Hindi
devendra fadnavis

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार की ओर से आज किसानों की ऋण माफी की और इसके लिए मानदंड तय करने हेतु एक समिति गठित करने की घोषणा होने के बाद कृषकों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। राजस्व मंत्री चन्द्रकांत पाटिल ने कहा, सरकार ने किसानों का ऋण माफ करने का निर्णय किया है। सीमांत किसानों का सारा रिण आज से ही माफ किया जाता है।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस द्वारा गठित उच्च-स्तरीय समिति के अध्यक्ष पाटिल आज यहां किसान नेताओं से चर्चा के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। वार्ता में भाग लेने वाले किसान नेता और लोकसभा सदस्य राजू शेट्टी ने कहा कि वह खुश हैं कि उनकी मांगें मान ली गयी हैं।

शेट्टी ने कहा, हमारे मुद्दे सुलझ गये हैं। हमने कल और परसों होने वाले धरना प्रदर्शन सहित अपना आंदोलन अस्थाई रूप से वापस लेने का फैसला लिया है। लेकिन, यदि 25 जुलाई तक (ऋण माफी पर) कोई संतोषजनक फैसला नहीं लिया गया तो हम अपना आंदोलन फिर शुरू करेंगे।

अन्य किसान नेता रघुनाथदादा पाटिल ने कहा कि मंत्री ने आश्वासन दिया है कि किसानों का सारा कर्ज माफ होगा। उन्होंने कहा, फिलहाल दीवाली के त्योहार जैसा माहौल है। हमारी सभी, 100 प्रतिशत, मांगें मान ली गयी हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्रीसमूह ने किसानों को आज से नये सिरे से ऋण देना शुरू करने का फैसला लिया है। निर्दलीय विधायक बाचु काडु ने कहा, हम कल और 13 जून को आहूत सड़क और रेल रोको आंदोलन वापस ले रहे हें। उन्होंने कहा, लेकिन, यदि आज लिये गये फैसले 24 जुलाई तक लागू नहीं होते हैं तो, किसान अपना आंदोलन फिर शुरू करेंगे।

राजस्व मंत्री से जब पूछा गया कि आज से जब नये सिरे से ऋण दिया जा रहा है तो क्या पुराने ऋण का समावेशन होगा, उन्होंने कहा, यह सामान्य बैंकिंग प्रश्न है। जब तक पुराना ऋण माफ नहीं होगा, नया ऋण नहीं मिल सकता।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत