1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. मंईयां सम्मान योजना में 11200 डुप्लीकेट एप्लीकेशन, एक ही खाते से 94 बार किया आवेदन

मंईयां सम्मान योजना में 11200 डुप्लीकेट एप्लीकेशन, एक ही खाते से 94 बार किया आवेदन

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 30, 2025 04:45 pm IST,  Updated : Jan 30, 2025 04:45 pm IST

मंईयां सम्मान योजना के तहत झारखंड में 21 से 50 साल तक की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाते हैं। पहले यह राशि 1000 रुपये थे, जिसे बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया है।

Maiya Samman Yojana- India TV Hindi
मंईयां सम्मान योजना के कार्यक्रम में कल्पना सोरेन Image Source : X/KALPANASOREN

बोकारो में मंईयां सम्मान योजना में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां 11 हजार 200 डुप्लीकेट आवेदन किए गए हैं। एक ही बैंक खाते से 94 बार आवेदन किया गया है, लेकिन नाम अलग-अलग हैं। उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी दौरान यह मामला सामने आया है। डुप्लीकेट एप्लीकेशन पलामू और बिहार के किसनगंज के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से किए गए हैं।

आरोपियों ने नाम बदलकर अलग-अलग प्रखंड से आवेदन किया है। सबसे ज्यादा 49 बार चंदनकियारी प्रखंड से आवेदन किया गया है। कसमार से 20 बार आवेदन किया गया है। आठ प्रखंडों से कुल 94 बार आवेदन किया गया है।

किस प्रखंड से कितने डुप्लीकेट आवेदन

चंदनकियारी- 49

कसमार- 20
बेरमो- 12
गोमिया- 7
चास- 2
नावाडीह-2
चास नगर निगम-1
चंद्रपुरा-1

94 आवेदन में जिस बैंक खाते के साथ आवेदन किया गया है। वह इंडसइंड बैंक से संबंधित है। सभी आवेदन राज्य के पलामू जिले और बिहार राज्य के किसनगंज स्थित सीएससी से किए गए हैं। कुल तीन कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) से इन आवेदनों को अलग–अलग नाम से किया गया है।

सीएससी सेंटर की डिटेल

आईडी-243621130028 (ऑपरेटर, वीएलई नाम– विक्कु कुमार रवि, पैरेंट आइडी नेम– उपेंद्र प्रसाद, मोबाइल सं. – 8873482243 – जिला पलामू), 
आईडी- 542316220013 (मास्टर, वीएलई नाम – सुमित कुमार, पैरेंट आइडी नेम– सुमित कुमार, मोबाइल सं. – 9122397271 – जिला पलामू) 
आईडी- 423664770011 (मास्टर, वीएलई नाम – फरयाद आलम, पैरेंट आइडी नेम – फरयाद आलम, जिला – किसनगंज, बिहार) 

किस नाम से है खाता?

डुप्लीकेट आवेदन के लिए इस्तेमाल हुए बैंक खाता की संख्या- 100253493007 है। यह खात सुफनी खातुन के नाम पर है। सुफनी पश्चिम बंगाल के मोतिविट्टा, कांटी, झारगांव, उत्तर दिनाजपुर की रहने वाली हैं। इस खाता का इस्तेमाल कुल 94 बार अलग–अलग नाम से योजना का लाभ लेने के लिए किया गया है। इस दौरान दर्ज राशन कार्ड की संख्या भी फर्जी है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जांच के क्रम में इसकी पुष्टि की है। वहीं, सभी नामों के उप नाम में मुर्मू, हांसदा, मंडल शब्द जोड़ा गया है। 31 अक्टूबर और एक नवंबर 2024 को एक ही साथ कई बार आवेदन किया गया है। 

खाता धारक के विरूद्ध FIR दर्ज करने का निर्देश

स्वीकृति के क्रम में कई आवेदनों को बीडीओ/सीओ स्तर से स्वीकृत भी किया गया है। उपायुक्त के निर्देश पर इन खातों में योजना के जरिए मिलने वाली राशि नहीं भेजी गई है। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (जेएमएमएसवाई) सत्यापन क्रम में जिले में कुल 11,200 डुप्लीकेट आवेदन मिले हैं। इनका पुनः एक बार आंगनबाड़ी कर्मियों से भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जिसके बाद संबंधितों को चिन्हित कर उचित कार्रवाई की जाएगी।   

बुधवार को भी सत्यापन के क्रम में 94 बार एक ही बैंक खाता नंबर दर्ज कर अलग–अलग नाम से आवेदन करने का मामला प्रकाश में आया था। जिसमें बैंक खाता संख्या 100253387047 था। खाता धारक का नाम यूसुफ है, जो पतागोड़ा, बड़ाखांती, उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। 

(बोकारो से मृत्युंजय मिश्रा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।