1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में सर्वाधिक 295 नए कोरोना केस, 500 बिस्तर बढ़ाने की तैयारी

इंदौर में सर्वाधिक 295 नए कोरोना केस, 500 बिस्तर बढ़ाने की तैयारी

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 08, 2020 02:25 pm IST,  Updated : Sep 08, 2020 02:25 pm IST

देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

इंदौर में सर्वाधिक 295 नए कोरोना केस, 500 बिस्तर बढ़ाने की तैयारी- India TV Hindi
इंदौर में सर्वाधिक 295 नए कोरोना केस, 500 बिस्तर बढ़ाने की तैयारी Image Source : FILE

इंदौर (मध्य प्रदेश): देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इंदौर में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस महमारी के 295 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पिछले साढ़े पांच महीने में जिले में सामने आए यह सर्वाधिक नए मामले हैं। 

उन्होंने बताया कि 295 नए मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमण के मामले बढ़कर 15,165 हो गए हैं। इनमें से 427 मरीजों की मौत हो चुकी है। सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि करीब 35 लाख की आबादी वाले जिले में अगस्त से मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और यह सिलसिला सितंबर में भी जारी है। 

कोविड-19 की रोकथाम के लिये जिले के नोडल अधिकारी डॉ अमित मालाकार ने कहा, "फिलहाल हमारे पास अलग-अलग अस्पतालों में महामारी के मरीजों के लिये कुल 4,300 बिस्तरों की व्यवस्था है। इनमें से करीब 80 प्रतिशत बिस्तर भर गये हैं।" 

उन्होंने कहा, "हम अगले सात दिनों में अस्पतालों के कोविड-19 वॉर्डों में 500 बिस्तर बढ़ाने जा रहे हैं। इनमें से 200 बिस्तर गहन चिकित्सा इकाइयों (आईसीयू) और उच्च निर्भरता इकाइयों (एचडीयू) के होंगे।" मालाकार ने बताया कि अस्पतालों में आईसीयू और एचडीयू के बिस्तरों की मांग लगातार बढ़ रही है। 

अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब कोरोना वायरस के 4,239 मरीजों का इलाज जारी है। इनमें पृथक-वास (होम आइसोलेशन) में रह रहे मरीज भी शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 10,499 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। जिले में कोविड-19 के प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी।

24 मार्च से लेकर अब 8 सितंबर तक स्थिति यह हो गई है कि इंदौर में मंगलवार को 295 नए पॉजिटिव केस सामने आए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।