1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. पहले दो पोतों की हत्या की, फिर खुद किया सुसाइड, कुएं में मिलीं मासूमों की लाशें, ट्रांसफॉर्मर पर लटका मिला दादा

पहले दो पोतों की हत्या की, फिर खुद किया सुसाइड, कुएं में मिलीं मासूमों की लाशें, ट्रांसफॉर्मर पर लटका मिला दादा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 12, 2025 11:16 am IST,  Updated : May 12, 2025 11:33 am IST

झुंझुनूं के लादूसर गांव में एक दादा ने अपने दो पोतों की हत्या कर दी और खुद खेत में लगे ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

दोनों बच्चे ऋतिक, राजीव और दादा रतिराम- India TV Hindi
दोनों बच्चे ऋतिक, राजीव और दादा रतिराम

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लादूसर गांव में एक दादा ने अपने ही दो पोतों (भांजे के पुत्रों) को कुएं में फेंक कर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद खेत में लगे ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन को छूकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शनिवार देर रात की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

शादी में खाना खिलाने के बहाने ले गया

मृत बच्चों के पिता कैलाश (34) ने बताया कि वह मूल रूप से नांद गांव का निवासी है और पिछले 4 वर्षों से लादूसर गांव में अपने मामा रतिराम (50) के पड़ोस में रह रहा है। शनिवार शाम को जब वह किसी काम से बाहर गया था, उसी दौरान रतिराम घर आया और उसकी पत्नी से कहा कि वह बच्चों ऋतिक (8) और राजीव (5) को गांव में हो रही एक शादी में खाना खिलाने ले जाएगा और थोड़ी देर में लौटा देगा। रात करीब 8 बजे वह दोनों बच्चों को लेकर चला गया।

फोन पर बोला- बच्चे सो रहे हैं, फिर...

जब रात 11 बजे तक रतिराम बच्चों को लेकर वापस नहीं लौटा, तो कैलाश और उसके परिवार को चिंता हुई। रतिराम का फोन कई बार करने पर नहीं उठा। फिर आधी रात के बाद रतिराम ने फोन कर बताया कि वह सीकर स्टेशन पर है और बच्चे उसके पास सो रहे हैं। यह सुनकर कैलाश को संदेह हुआ, क्योंकि पहले रतिराम ने गांव में ही शादी में जाने की बात कही थी।

कैलाश अपने दूसरे मामा पवन के साथ तुरंत सीकर स्टेशन की ओर निकल पड़ा। वहां तीनों नहीं मिले। लौटते समय रविवार सुबह करीब 4 बजे गांव से सूचना मिली कि रतिराम गांव के ही एक खेत में लगे ट्रांसफॉर्मर पर लटका हुआ है। जब परिवार वहां पहुंचा, तो पाया कि रतिराम की लाश ट्रांसफॉर्मर से लटकी हुई थी और पास ही खेत के कुएं में दोनों मासूम बच्चों की लाशें पड़ी थीं।

मौत की वजह अभी साफ नहीं, जांच जारी

SHO रामनारायण चोयल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या का है। पुलिस ने तीनों शवों को बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हत्या और आत्महत्या की इस वारदात के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव, आपसी रंजिश या मानसिक परेशानी को संभावित वजह बताया जा रहा है। गांव वालों का कहना है कि रतिराम हाल ही में मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था।

गांव में मातम, विश्वास नहीं कर पा रहे लोग

इस दर्दनाक घटना ने पूरे लादूसर गांव को हिलाकर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रतिराम का बच्चों से बेहद लगाव था और अक्सर वह उनके साथ खेलता रहता था। गांव का हर व्यक्ति इस घटना के बाद स्तब्ध है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

ट्रंप को 400 मिलियन डॉलर का लग्जरी जेट गिफ्ट में दिए जाने की रिपोर्ट पर सामने आया कतर का बयान, जानें क्या कहा

अब पाकिस्तान से आतंकी भारत आना करेंगे बंद, PM मोदी ने साफ संदेश दिया है: जगदंबिका पाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।