1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी: कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के उत्सव में साइकिल मैराथन, मंत्री दयाशंकर मिश्रा समेत कई दिग्गज हुए शामिल

वाराणसी: कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के उत्सव में साइकिल मैराथन, मंत्री दयाशंकर मिश्रा समेत कई दिग्गज हुए शामिल

 Reported By: Ashwini Tripathi Edited By: Niraj Kumar
 Published : Dec 07, 2025 11:49 am IST,  Updated : Dec 07, 2025 02:44 pm IST

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के एमपी थियेटर ग्राउंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स उत्सव के दौरान आयोजित मैराथन में बड़ी संख्या में छात्रों, सुरक्षा गार्ड्स, प्रॉक्टर ऑफिस के कर्मचारियों सहित कई सरकारी संस्थाओं ने हिस्सा लिया।

cycle marthon- India TV Hindi
साइकिल मैराथन, वाराणसी Image Source : REPORTER INPUT

वाराणसी: वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलने की खुशी में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से सम्पन्न काशी में उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों की मौजूदगी में साइकिल मैराथन 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र बतौर मुख्य अतिथि इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

बड़ी संख्या में छात्रों ने लिया हिस्सा

 बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के एमपी थियेटर ग्राउंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स उत्सव के दौरान आयोजित मैराथन में बड़ी संख्या में छात्रों, सुरक्षा गार्ड्स, प्रॉक्टर ऑफिस के कर्मचारियों सहित कई सरकारी संस्थाओं ने हिस्सा लिया। इस सप्ताह का विशेष संस्करण भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की आधिकारिक मेज़बानी मिलने के उपलक्ष्य में समर्पित है।

आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र कार्यक्रम के चीफ गेस्ट

उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए वहीं संकट मोचन मंदिर के महंत विश्वंभर नाथ मिश्रा, पदम भूषण साजन मिश्रा, प्रख्यात तबला वादक संजीव सहाय के साथ कई कॉमनवेल्थ गेम और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी इस आयोजन में शरीक हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान की तारीफ 

कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने फिटनेस के इस आंदोलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान की तारीफ की। वहीं इस आयोजन में पंडित साजन मिश्र – पद्म भूषण सम्मानित, बनारस घराने के प्रख्यात शास्त्रीय गायक महंत विश्वंभर नाथ मिश्र -अध्यक्ष, संकट मोचन फाउंडेशन, प्रोफेसर IIT BHU, पखावज वादक, संजू सहाय– बनारस घराने के प्रसिद्ध तबला वादक, पूजा सिहाग – भारतीय फ्रीस्टाइल रेसलर, कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शामिल हुए।

साइकिल मैराथन में एक तरफ, पद्म भूषण साजन मिश्रा और संजू सहाय, पूजा सिहाग, अमित पंगल ( अंतर्राष्ट्रीय खिलाडी बास्किंग) ने फ्लैग ऑफ किया तो खुद इस साइकिल रेस में यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र दयाल और संकट मोचन मंदिर के महंत विश्वंभर नाथ मिश्रा ने साइकिल चलाई।

यह साइकिल यात्रा मेरे लिए अविस्मरणीय-दयाशंकर मिश्रा 

आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने कहा कि  पीएम और खेल मंत्री ने फिट इंडिया का आह्वान किया है। यह कैंपस मेरे लिए अहम है। यहां मैंने अकेडमिक यात्रा पूरी की है। यह साइकिल यात्रा मेरे लिए अविस्मरणीय है। खेल ही वह माध्यम है जिसने दुनिया को जोड़कर रखा है। ईसा पूर्व से खेलों की यात्रा आरंभ हुई है। खेलने से सामाजिक, मानसिक, और शारीरिक रूप से मजबूती मिलती है। 

प्रख्यात तबला वादक संजू सहाय ने कहा कि सभी से हमारी प्रार्थना है कि फिट रहना जरूरी है। क्योंकि यह आजीवन आपके काम आता है। जिस काम को हम करते हैं उसके लिए भी फिट रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत कॉमनवेल्थ और ओलंपिक में ज्यादा से ज्यादा पदक जीते, मेरी शुभकामनाएं हैं।

फिटनेस को लेकर जागरूक रहें लोग-साजन मिश्रा

प्रख्यात शास्त्रीय गायक साजन मिश्रा ने कहा कि ये बहुत हर्ष का विषय है कि कॉमनवेल्थ गेम्स का 2030 में आयोजन होने जा रहा है। जब तक आप फिट नहीं रहेंगे तब तक आपकी तरक्की नहीं हो सकती है। साइकिल चलाने से आदमी फिट रहता है। हमारे प्रधानमंत्री भी फिटनेस को लेकर चिंतित रहते हैं। क्योंकि वे खुद फिट रहते हैं, इसलिए वे पूरे देश को प्रेरणा दे रे हैं। मैं 70 वर्ष का हो गया लेकिन हम अभी भी अपनी फिटनेस को लेकर जागरुक रहते हैं।

पूजा सिहाग कुश्ती प्लेयर ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए गर्व की बात है कि वे आनेवाले कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने ही घर में खेलेंगे। मैं पीएम मोदी का धन्यवाद करती हूं कि उनके प्रयास से हमें कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन का मौका मिला है। पूजा सिहाग ने कहा कि लड़कियों से खेल में आगे आने की अपील की।

प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र (महंत संकट मोचन मन्दिर) ने कहा कि लोगों को जागरुक करने की जरूरत है। क्योंकि स्वास्थ्य ठीक रहेगा तो देश भी स्वस्थ रहेगा। कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले भारत की आबादी स्वस्थ रहे। क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स में इसी आबादी से लोग जाएंगे इसलिए स्वस्थ और फिट रहना जरूरी है।

अमित पंगल ( अंतर्राष्ट्रीय खिलाडी बॉक्सिंग) ने कहा कि मेरा यही संदेश है कि किसी भी स्पोर्ट्स को अपना कर आप अपने देश का नाम रोशन कर सकते हैं। लोगों का स्वस्थ रहना जरूरी है और वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।