1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा की तरफ से दागे गए रॉकेटों के जवाब में इजराइल ने किए हवाई हमले

गाजा की तरफ से दागे गए रॉकेटों के जवाब में इजराइल ने किए हवाई हमले

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 02, 2019 09:25 am IST,  Updated : Nov 02, 2019 09:27 am IST

फिलिस्तीन की तरफ से दागे गए रॉकेटों से दक्षिणी इजराइल में एक घर को नुकसान पहुंचने के बाद शनिवार तड़के इजराइली विमानों ने गाजा पट्टी क्षेत्र में हमला किया।

Israel hits Gaza after rockets fired across border- India TV Hindi
Israel hits Gaza after rockets fired across border Image Source : TWITTER

यरुशलम: फिलिस्तीन की तरफ से दागे गए रॉकेटों से दक्षिणी इजराइल में एक घर को नुकसान पहुंचने के बाद शनिवार तड़के इजराइली विमानों ने गाजा पट्टी क्षेत्र में हमला किया। गाजा में सुरक्षा से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि फिलिस्तीन क्षेत्र में तड़के दर्जनों हमले हुए, जिनमें इस क्षेत्र के इस्लामी शासकों हमास और उससे जुड़े संगठनों को निशाना बनाया गया। 

इजराइली सेना ने कहा कि वे “आतंकी ठिकानों” को निशाना बना रहे हैं। गाजा पट्टी क्षेत्र में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमलों में तीन लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर है। एएफपी के एक संवाददाता ने कहा कि इस क्षेत्र में धमाकों की कई आवाज सुनी गई। हमास के एक सूत्र ने बताया कि उन्होंने हमला कर रहे इजराइली विमानों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। 

इजराइली सेना ने गाजा से ताजा “हमलों” की पुष्टि की है । ये हवाई हमले गाजा से शुक्रवार देर रात दक्षिणी इजराइल पर कम से कम 10 रॉकेट दागे जाने की प्रतिक्रियास्वरूप किया गया। इजराइली सेना ने कहा कि देश की ‘आयरन डोम’ प्रक्षेपास्त्र रोधी रक्षा प्रणाली ने इनमें से आठ रॉकेटों को बीच में ही नष्ट कर दिया था। सेना ने कहा कि एक के बाद एक कई रॉकेट दागे गए और दक्षिणी इजराइल में हवाई हमलों से लोगों को सतर्क करने वाले सायरन की आवाज सुनाई दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश