1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : मतदान के बीच मध्य कोलकाता में देसी बम फेंके गये

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : मतदान के बीच मध्य कोलकाता में देसी बम फेंके गये

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 29, 2021 11:17 am IST,  Updated : Apr 29, 2021 11:17 am IST

 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आठवें एवं अंतिम चरण के तहत मध्य कोलकाता में मतदान जारी रहने के बीच बृहस्पतिवार की सुबह इलाके के महाजाति सदन के सामने देसी बम फेंके गये।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : मतदान  के बीच मध्य कोलकाता में देसी बम फेंके गये - India TV Hindi
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : मतदान  के बीच मध्य कोलकाता में देसी बम फेंके गये  Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आठवें एवं अंतिम चरण के तहत मध्य कोलकाता में मतदान जारी रहने के बीच बृहस्पतिवार की सुबह इलाके के महाजाति सदन के सामने देसी बम फेंके गये। पुलिस ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि घटना शहर के मध्य में स्थित सेंट्रल एवेन्यू पर हुई। घटना से लोग दहशत में हैं। जोड़ासांको से भाजपा उम्मीदवार मीना देवी पुरोहित ने आरोप लगाया कि जब वह विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रही थीं तब उनके वाहन पर देसी बम फेंके गये।

उन्होंने कहा, ‘‘बम मेरी कार पर फेंके गये लेकिन मैं बच गयी। मैं निश्चित रूप से सभी मतदान केंद्रों का दौरा करूंगी।’’ पुरोहित ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘उन्होंने मुझे मारने की कोशिश की और यह मतदाताओं को डराने की साजिश है।’’

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। उन्होंने कहा कि सबूत जुटाये जा रहे हैं और जांच शुरू कर दी गयी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के आखिरी चरण के तहत कोलकाता में जोड़ासांको समेत सात सीटों पर मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024