1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पटना में जलजमाव को लेकर सरकार सख्त, BUIDCO के 11 अभियंताओं से मांगा स्पष्टीकरण

पटना में जलजमाव को लेकर सरकार सख्त, BUIDCO के 11 अभियंताओं से मांगा स्पष्टीकरण

 Written By: IANS
 Published : Oct 14, 2019 11:32 pm IST,  Updated : Oct 14, 2019 11:32 pm IST

बिहार की राजधानी पटना में जलजमाव को लेकर सोमवार को राज्य सरकार ने बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BUIDCO) के 11 अभियंताओं सहित कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

CM Nitish Kumar- India TV Hindi
CM Nitish Kumar (File Photo) Image Source : PTI

पटना: बिहार की राजधानी पटना में जलजमाव को लेकर सोमवार को राज्य सरकार ने बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BUIDCO) के 11 अभियंताओं सहित कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस मामले में अब यह संभावना जताई जा रही है कि कुछ अभियंताओं पर गाज गिर सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें पटना में अत्यधिक बारिश होने के बाद जलजमाव की स्थिति पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद यह निर्णय लिया गया। 

बैठक में भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसे लेकर भी विचार किया गया। चार घंटे से ज्यादा चली इस बैठक के बाद मुख्य सचिव दीपक कुमार ने पत्रकारों को बताया कि कई लोगों को निलंबित किया गया है, जबकि कई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि BUIDCO के 11 अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि एक अभियंता का स्थानांतरण कर दिया गया है।

दीपक कुमार ने बताया कि "विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें कई विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति एक महीने के अंदर पूरी स्थिति की रिपोर्ट देगी, जिसके बाद सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। अभी और अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।"

मुख्य सचिव ने आगे बताया, "कंकड़बाग के चार और पाटलिपुत्र के दो सेनेटरी इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा पंपिंग स्टेशनों पर काम करने वाले 22 कर्मचारियों को भी अपने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पटना नगर निगम के दो कार्यपालक अभियंताओं से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत