Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajat Sharma's Blog | राजनाथ सिंह ने क्यों कहा, पाकिस्तान के 4 टुकड़े हो जाते?

Rajat Sharma's Blog | राजनाथ सिंह ने क्यों कहा, पाकिस्तान के 4 टुकड़े हो जाते?

Written By: Rajat Sharma @RajatSharmaLive Published : May 31, 2025 06:12 pm IST, Updated : May 31, 2025 06:12 pm IST

पहलगाम हमले के तुरंत बाद नौसेना ने अरब सागर में INS विक्रांत के नेतृत्व में एक शक्तिशाली टास्क फोर्स तैनात की। इसमें डेस्ट्रॉयर, फ्रिगेट, सबमरीन और फाइटर जेट्स शामिल थे। इस फोर्स ने अरब सागर में कराची के दक्षिण में पोजिशन ले ली।

Rajat sharma, INDIA TV- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय थल सेना और वायु सेना ने ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। भारतीय नौसेना को तो एक्शन में आने का मौका ही नहीं मिला। राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को 1971 की जंग याद है, जब भारतीय नौसेना की ताकत ने उसके दो टुकड़े करा दिए थे और अगर इस बार नौसेना हमला कर देती तो पाकिस्तान के 4 टुकड़े हो जाते। इसीलिए पाकिस्तान ने सीज़फायर करने में ही अपनी भलाई समझी।

राजनाथ सिंह ने क्यों कहा कि भारतीय नौसेना के डर से पाकिस्तान घबरा गया? 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया, इस ऑपरेशन में थल सेना और वायु सेना ने पाकिस्तान को धूल चटा दी लेकिन बहुत कम लोगों को ये पता है कि इस ऑपरेशन में भारतीय नौसेना का भी बहुत बड़ा रोल था। पहलगाम हमले के तुरंत बाद नौसेना ने अरब सागर में INS विक्रांत के नेतृत्व में एक शक्तिशाली टास्क फोर्स तैनात की। इसमें डेस्ट्रॉयर, फ्रिगेट, सबमरीन और फाइटर जेट्स शामिल थे। इस फोर्स ने अरब सागर में कराची के दक्षिण में पोजिशन ले ली।

भारतीय नौसेना की तैनाती देखकर पाकिस्तानी नौसेना अपने बंदरगाहों से निकलकर कॉम्बेट पोजिशन लेने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाई। पहलगाम हमले के 96 घंटों के अंदर भारतीय नौसेना ने अरब सागर में सरफेस टू सरफेस और सरफेस टू एयर मिसाइल्स के साथ ड्रिल की। ऐसा करके नौसेना ने युद्ध के लिए अपनी तैयारी पाकिस्तान को दिखा दी।

पाकिस्तान को संदेश देने के लिए राजनाथ सिंह ने बहुत सोच समझकर INS विक्रांत को चुना। INS विक्रांत भारत की नौशक्ति का प्रतीक है। ये भारत का पहला स्वदेशी विमानवाहक कैरियर है। इसमें 30 से ज्यादा विमान आ सकते हैं। भारत के पास INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य, दो ऑपरेशनल एयरक्राफ्ट कैरियर है, जबकि पाकिस्तान के पास एक भी एयरक्राफ्ट कैरियर नहीं है।

असल में भारतीय नौसेना की ताकत के सामने पाकिस्तानी नौसेना कहीं टिकती नहीं है। ग्लोबल फायर पावर इंडेक्स-2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, 145 देशों की लिस्ट में भारतीय नौसेना 8वें  स्थान पर है जबकि पाकिस्तान 32वें स्थान पर है।

   
राजनाथ सिंह की ये बात सही है कि भारतीय नौसेना तैयार थी। INS विक्रांत तैयार था। मिग फाइटर जेट्स तैयार थे। लेकिन एक्शन हो पाता, इससे पहले ही पाकिस्तान ने घबराकर DGMO से फोन करवाया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी एक दिन पहले ही बताया था कि पाकिस्तान ने जिस सुबह हमला करने की प्लानिंग की थी, उसी रात भारत ने पहले ही ब्रह्मोस मिसाइल से हमला कर दिया और पाकिस्तान के एयरबेसेज को तबाह कर दिया। इसी के बाद पाकिस्तान की फौज की हिम्मत टूटी और फायरिंग रोकने की बात की गई।

पाकिस्तान का nuclear blackmail अब काम नहीं करेगा

पाकिस्तान ने एक बार फिर एटमी हमले की धमकी दी।  पाकिस्तान के Chairman, Joint Chiefs of Staff Committee जनरल साहिर शमशाद मिर्ज़ा ने कहा कि सिंधु जल संधि स्थगित रही, तो एटमी जंग होगी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि सिंधु नदी का पानी पाकिस्तान की जीवनरेखा है। अगर इस लाइफलाइन को रोका गया तो वास्तव में जंग होगी।
 
कानपुर की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान से कहा कि वो किसी गलतफहमी में ना रहे, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को पालता पोसता रहेगा तब तक सिंधु जल संधि पर कोई बात नहीं होगी। मोदी ने कहा कि भारत अब एटम बम की धमकियों से नहीं डरेगा। मोदी ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की तरकश का सिर्फ एक तीर है, अगर पाकिस्तान बाज़ नहीं आया तो भारत आतकंवाद का फन कुचलने के लिए और भी बड़े एक्शन लेगा।

सारी बातें सुनने के बाद कुछ चीजें तो साफ हैं। पहली, पाकिस्तान की एटम बम की धमकियों में कोई दम नहीं है। ये ब्लैकमेल अब नहीं चलेगा। पाकिस्तान के सारे न्यूक्लियर ठिकाने भारत की मिसाइल्स की रेंज में हैं। दूसरी बात, पाकिस्तान सिंधु जल संधि के स्थगन से परेशान है। ये उसके अस्तित्व  का सवाल है लेकिन भारत का रुख बिलकुल साफ है। पाकिस्तान जब तक आतंकवाद की फैक्ट्री को बंद नहीं करेगा, उसके साथ कोई रियायत नहीं की जाएगी। तीसरी बात, ऑपरेशन सिंदूर तो एक ट्रेलर था। पिक्चर अभी बाकी है। इस बार पाकिस्तान ने घबराकर सीजफायर की गुहार लगाई थी। अगली बार ऐसी पुकार कोई नहीं सुनेगा। पाकिस्तान ने कोई हिमाकत की तो फुल एक्शन होगा। (रजत शर्मा)

देखें: ‘आज की बात, रजत शर्मा के साथ’ 30 मई, 2025 का पूरा एपिसोड

 

 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement