1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Lok Sabha Elections 2024: 'इस बार इनकी एक भी सीट नहीं आ रही', अखिलेश यादव ने बसपा पर कसा करारा तंज

Lok Sabha Elections 2024: 'इस बार इनकी एक भी सीट नहीं आ रही', अखिलेश यादव ने बसपा पर कसा करारा तंज

 Published : May 08, 2024 02:03 pm IST,  Updated : May 08, 2024 02:03 pm IST

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बसपा के अधिकांश परंपरागत समर्थक भी इस बार संविधान और आरक्षण को बचाने के लिए I.N.D.I.A. गठबंधन को ही वोट दे रहे हैं।

Lok Sabha Elections 2024, Lok Sabha Elections Explainer, Lok Sabha Elections- India TV Hindi
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव। Image Source : PTI FILE

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को बहुजन समाज पार्टी के फेरबदल पर तंज किया है। उन्होंने कहा है कि इस चुनाव में बसपा की एक भी सीट आती हुई नहीं दिख रही है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि यही वजह है कि इतना बड़ा बदलाव किया है और बाजी बसपा के हाथ से निकल चुकी है। अखिलेश यादव का इशारा बसपा सुप्रीमो मायवती के उस कदम की तरफ था जिसमें उन्होंने आकाश आनंद को खुद के उत्तराधिकारी और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया था।

‘अब बाज़ी बसपा के हाथ से निकल चुकी है’

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को X पर लिखा, ‘बसपा ने अपने संगठन में बड़े बदलाव का जो भी क़दम उठाया है वो उनकी पार्टी का आंतरिक विषय है। दरअसल इसके पीछे असली कारण ये है कि बसपा की एक भी सीट आती हुई नहीं दिख रही है क्योंकि बसपा के अधिकांश परंपरागत समर्थक भी इस बार संविधान और आरक्षण को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को ही वोट दे रहे हैं। इस बात को बसपा अपने संगठन की विफलता के रूप में ले रही है। इसीलिए उनका शीर्ष नेतृत्व संगठन में इतना बड़ा फेर-बदल कर रहा है लेकिन अब बाज़ी बसपा के हाथ से निकल चुकी है।’

बसपा सुप्रीमो ने लिया था बड़ा एक्शन

बता दें कि बसपा सुप्रीमो ने मंगलवार को X पर बयान जारी कर उनको नेशनल कोऑर्डिनेटर के पद और अपने उत्तराधिकारी की जिम्मेदारी से हटाने का ऐलान किया। हालांकि उन्होंने आकाश आनंद के पिता और अपने भाई आनंद कुमार को पार्टी के हित में पहले की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाते रहने की बात भी कही। बसपा सुप्रीमो ने कहा था कि बसपा का नेतृत्व पार्टी व मूवमेंट के हित में एवं डॉ. आंबेडकर के कारवां को आगे बढ़ाने में हर प्रकार का त्याग व कुर्बानी देने से पीछे हटने वाला नहीं है। आकाश आनंद हाल के दिनों में सरकार के खिलाफ आक्रामक बयान देकर सुर्खियां बटोर रहे थे, और उनके ऊपर केस भी दर्ज हो गया था।

Lok Sabha Elections 2024, Lok Sabha Elections Explainer, Lok Sabha Elections
Image Source : TWITTER.COM/ANANDAKASH_BSPबीएसपी नेता आकाश आनंद की सभाओं में खूब भीड़ जुट रही थी।

सीतापुर में आकाश ने दिया था बयान

28 सालके आकाश आनंद ने सीतापुर में अपने भाषण में बीजेपी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘यह सरकार बुलडोजर सरकार और गद्दारों की सरकार है। जो पार्टी अपने युवाओं को भूखा छोड़ती है और बुजुर्गों को गुलाम बनाती है वह आतंकवादी सरकार है।’ रैली के तुरंत बाद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में आकाश आनंद और 4 अन्य के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद बीएसपी ने बिना कोई कारण बताए पिछले दिनों आकाश आनंद की सभी प्रस्तावित रैलियों को स्थगित कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, जिला प्रशासन द्वारा दिन की शुरुआत में रैली में आनन्‍द के भाषण का स्वत: संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत