1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दबंगों ने दुकानदार को जमीन पर पटककर पीटा, जातिसूचक गालियां दीं; CCTV ने खोली पोल

दबंगों ने दुकानदार को जमीन पर पटककर पीटा, जातिसूचक गालियां दीं; CCTV ने खोली पोल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 22, 2025 11:51 pm IST,  Updated : Dec 23, 2025 12:02 am IST

मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान आस-पास के दुकानदारों ने बीच-बचाव किया।

मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले युवक की पिटाई- India TV Hindi
मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले युवक की पिटाई Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले एक युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित रमेश अहिरवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बावजूद पुलिस ने उसकी पूरी शिकायत दर्ज नहीं की और केवल एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

रमेश अहिरवार की पंजाब नेशनल बैंक के पास मोबाइल एवं कंप्यूटर रिपेयरिंग की दुकान है। करीब एक सप्ताह पहले सुनील मिश्रा के परिवार का मोबाइल रमेश द्वारा रिपेयर किया गया था। तकनीकी खराबी के चलते उस मोबाइल की कॉल रमेश के मोबाइल पर फॉरवर्ड होने लगी। इसी बात से नाराज होकर 20 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे सुनील मिश्रा 5–6 लोगों के साथ रमेश की दुकान में घुस आया।

दुकान में रखे सामान में भी तोड़फोड़ 

आरोप है कि सुनील मिश्रा और उसके साथियों ने दुकान के अंदर रमेश के साथ मां-बहन और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। जब रमेश ने विरोध करते हुए मोबाइल ठीक करने की बात कही, तो आरोपियों ने उसके साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। रमेश को जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा गया और दुकान में रखा सामान भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बाद दुकान के बाहर भी उसके साथ मारपीट की गई।

घटना के दौरान आस-पास के दुकानदारों ने बीच-बचाव किया। रमेश अहिरवार रिपोर्ट दर्ज कराने थाना कोतवाली छतरपुर पहुंचा, जहां आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर उसे जांच का हवाला देकर रात भर थाने में बैठाए रखा। अगले दिन 21 दिसंबरको दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मंगवाई गई। पीड़ित का कहना है कि फुटेज में एक से अधिक लोगो द्वारा मारपीट करना स्पष्ट रूप से दिखाई देने के बावजूद पुलिस ने केवल सुनील मिश्रा के खिलाफ ही मामला दर्ज किया, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

रमेश अहिरवार ने सीसीटीवी फुटेज और एफआईआर की छायाप्रति एसपी को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और पीड़ित को न्याय मिलने की प्रतीक्षा है।

(रिपोर्ट- प्रेम गुप्ता)

ये भी पढ़ें-

बीजेपी नेता ने अफ्रीकी नागरिक को दी चेतावनी- "हिंदी सीखो वरना...", विवाद बढ़ने पर दी सफाई

ऐसे 'बंगाली बाबा' से रहें सावधान... भूत-प्रेत का डर दिखाकर परिवार से हड़प लिया 10 लाख

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।