मुंबई से शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद रवींद्र वायकर को आवंटित सरकारी सिम कार्ड के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुंबई की MIDC पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांसद के निजी सहायक स्वप्निल अरुण कुलकर्णी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह सिम कार्ड सांसद के संसदीय कार्यों और उनके कार्यालय के लिए जारी किया गया था। कुछ समय पहले, जब सांसद का आवास अंधेरी से शिफ्ट किया जा रहा था, उसी दौरान यह सिम कार्ड कहीं गुम हो गया था। शुरुआत में इसे सामान्य तौर पर खोया हुआ माना गया, लेकिन बाद में पता चला कि सिम कार्ड न केवल एक्टिव है, बल्कि इसका इस्तेमाल भी किया जा रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ने सिम कार्ड का इस्तेमाल करते हुए अपनी पहचान सरकारी कर्मचारी के रूप में बताई। आरोपी ने लंबे समय तक सिम अपने पास रखकर इसका दुरुपयोग किया।
मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल सेवा प्रदाता से जुड़े तकनीकी डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल, इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिम कार्ड का इस्तेमाल किन उद्देश्यों से किया गया और क्या इसके जरिए किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि को अंजाम दिया गया? जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
नए साल के जश्न से पहले जम्मू-कश्मीर में 'सुरक्षा कवच' सख्त, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
पुणे PMC चुनाव: कांग्रेस और शिवसेना-UBT में गठबंधन फाइनल, 60 और 45 सीटों का फॉर्मूला हुआ तय
संपादक की पसंद